एन्ड्रा को ऑस्कर अवार्ड में नॉमिनेशन भी मिला
एन्ड्रा डे का 'राइज़ अप' गीत
जिन लोगों ने एन्ड्रा डे का 'राइज़ अप' गीत सुना है वे जानते हैं कि एन्ड्रा की आवाज के मायने क्या हैं। एक ऐसी आवाज़ जो सीधे आपके हौसलों को जगा देती है। 'चियर्स टू द फॉल' एल्बम के इस गीत राइज़ अप की आत्मा भी कुछ इसी तरह की है और इसे एन्ड्रा ने गले से नहीं दिल की आग से गाया है। किसी एक दिन जीवन की कशमकश से गुजरते हुए जब आप इस गाने को सुनते हैं तो ऐसा लगता है चुनौतियों से लड़ने के लिए किसी ने एक्स्ट्रा लाइफ का डोज आपके भीतर भर दिया है। इस गीत के असर को इस उदाहरण से जाना जा सकता है कि कोका-कोला ने अपने एक अभियान के लिए 40 मिलियन से अधिक कप्स एन्ड्रा डे के इस गीत के शब्दों और उनकी तस्वीर के साथ विशेषतौर पर तैयार किये थे। तो जब बिली हॉलिडे की भूमिका एन्ड्रा को ऑफर की गई तो लोगों के मन में यह विश्वास था कि वे इस भूमिका पर खरी उतरेंगी और ऐसा ही हुआ। यह एक संजोग ही रहा कि संगीत से शुरूआती परिचय के दौरान बिली हॉलिडे, एन्ड्रा के फेवरेट सिंगर्स में से एक थीं। एन्ड्रा, उन्हें अपनी प्रेरणा मानती हैं।
एन्ड्रा को मिले ये सम्मान
केवल ऑस्कर नॉमिनेशन ही नहीं एन्ड्रा को इस फिल्म के लिए गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड फॉर बेस्ट ऐक्ट्रेस इन मोशन पिक्चर्स तथा ग्रेमी अवॉर्ड फॉर बेस्ट कम्पाइलेशन साउंडट्रैक फॉर विजुअल मीडिया सम्मान भी प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त अपने गीतों के लिए एन्ड्रा ग्रेमी अवॉर्ड भी प्राप्त कर चुकी हैं। एन्ड्रा ने बचपन से चर्च में गाना शुरू कर दिया था और यही उनके संगीत के सफर की शुरुआत बनी। इसके बाद एन्ड्रा ने छोटे-छोटे वीडियोज बनाकर दूसरों के गाने गाये, सार्वजनिक कार्यक्रमों में गाने गाये और यहीं से उन्हें मिला बड़ा ब्रेक जो उनके पहले सिंगल (एल्बम) की ओर उन्हें ले गया। बकौल एन्ड्रा उनके पास कोई प्लान बी नहीं था। वह हमेशा से संगीत और कला से ही जुड़ना चाहती थीं। गायन के साथ ही एन्ड्रा ने मात्र 5 साल की उम्र से नृत्य भी सीखना शुरू कर दिया था और 20 साल की उम्र तक इसे जारी रखा। इसलिए नृत्य में भी उन्हें महारत हासिल है।
बेस्ट ऐक्ट्रेस के लिए मिला गोल्डन ग्लोब
- फोटो : ट्विटर
बिली हॉलिडे वाली फिल्म के लिए एन्ड्रा ने करीब 40 पौंड वजन कम किया
एन्ड्रा, अश्वेत महिलाओं और उनके समाज से जुडी रूढ़ियों और स्वास्थ्यगत समस्याओं को लेकर बनी सोच में भी परिवर्तन लाने की हिमायती हैं। वे लगातार सामाजिक मुद्दों से जुड़ी रहती हैं। हाल ही में वह कोरोना महामारी को लेकर चलाए जा रहे एक अंतर्राष्ट्रीय अभियान का भी हिस्सा रहीं। बिली हॉलिडे वाली फिल्म के लिए एन्ड्रा ने करीब 40 पौंड वजन कम किया था। हालाँकि उन्हें अपना शरीर जैसा है वैसा ही पसंद है और इसलिए जब किसी व्यक्ति ने उनसे पूछा कि दुबली होकर वे खुद को और खूबसूरत महसूस कर रही होंगी तो एन्ड्रा का जवाब था- न बिलकुल नहीं। मुझे अपना भरा हुआ शरीर पसंद है। वह मानती हैं कि असली सुंदरता आत्मविश्वास से भरे होने, खुद से प्यार करने और अपनी कीमत समझने में है।