इस कार्यक्रम के जरिये संघ ने देश और विदेश में प्रत्येक वर्ग में अपना आधार बढ़ाया है। बल्कि 22 जनवरी को होने वाले समारोह के लिए पूरे देश में राममय माहौल बनाकर गांव-गांव और मोहल्ले मोहल्ले तक संघ की किसी न किसी रूप में उपस्थिति को साबित किया है। जानकारों का मानना है कि प्राण प्रतिष्ठा समारोह संघ के शताब्दी वर्ष समारोह में संघ के विस्तार में अहम भूमिका निभाएगा।
संघ ने संख्या सीमित की
संघ के सूत्रों का कहना है कि रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रत्येक वर्ग की भागीदारी के लिए संघ ने अपना दायरा सीमित किया है। संघ की ओर से अब 45 प्रांतों के प्रचारक, 11 क्षेत्रीय प्रचारकों के साथ अखिल भारतीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी ही समारोह में शामिल हो रहे हैं।
संघ ने संभाला मोर्चा, भागवत आज आएंगे
प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले अयोध्या में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने पूरा मोर्चा संभाल लिया है। सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले, सह सर कार्यवाह कृष्णगोपाल, भैयाजी जोशी सहित संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी अयोध्या पहुंच गए हैं। अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने शनिवार को अयोध्या में कार्यक्रम के प्रचार से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। संघ प्रमुख मोहनराव भागवत रविवार को अयोध्या पहुंच रहे हैं।