फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya Ram Mandir Live: प्राण प्रतिष्ठा के दौरान मॉरीशस में विशेष छुट्टी का एलान,बढ़ गई मांग रामचरितमानस की

Sat, 13 Jan 2024 06:15 AM IST
विजय पुंडीर अमर उजाला नेटवर्क, अयोध्या

खास बातें

Ayodhya Ram News Live Updates : अयोध्या का भव्य रामलला का मंदिर बनकर तैयार है। 22 जनवरी को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होगी। हर राम भक्त हो इस दिन का बेसब्री से इंतजार था। रामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के पहले विधिवत पूजा अर्चना करने की तैयारी की जा रही है।
विज्ञापन
Ayodhya Ram Mandir Pran Pratishtha - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:14 AM, 13-Jan-2024

अमेरिका में अयोध्या के रंग

पूरे अमेरिका में विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) ने 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर 'प्राण प्रतिष्ठा' के संदेशों को प्रदर्शित करने वाले 40 से अधिक बिलबोर्ड लगाए गये हैं।

05:16 AM, 13-Jan-2024

बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी बोले...

बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा है कि भगवान राम ने अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए अपने भक्त पीएम मोदी को चुना है। 

05:16 AM, 13-Jan-2024

जब श्री राम बुलाएंगे हम जाएंगे...

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश याददव का कहना है कि जब श्री राम बुलाएंगे हम जाएंगे...

विज्ञापन
05:09 AM, 13-Jan-2024

कांची कामकोटि मठ के शंकराचार्य बोले- सब राम का आशीर्वाद

कांची कामकोटि मठ के शंकराचार्य विजयेंद्र सरस्वती स्वामीगल ने कहा है कि भगवान राम के आशीर्वाद के कारण राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी को अयोध्या में होगा। समारोह के दौरान यज्ञशाला की पूजा भी की जाएगी... 100 से अधिक विद्वान यज्ञशाला की 'पूजा' और 'हवन' शुरू करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष रूप से भारत में तीर्थ स्थानों के विकास में विश्वास रखते हैं। उन्होंने केदारनाथ और काशी विश्वनाथ मंदिरों के परिसर का भी विस्तार किया है।
 

05:07 AM, 13-Jan-2024

राष्ट्रपति को मिला निमंत्रण

राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के लिए राष्ट्रपति मुर्मू को निमंत्रण दिया गया है। 

विज्ञापन
05:04 AM, 13-Jan-2024

राम सबके हैं...: 

आचार्य प्रमोद कृष्णम ने 22 जनवरी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की कांग्रेस की अनदेखी को 'दुर्भाग्यपूर्ण' बताया है। 

05:01 AM, 13-Jan-2024

सुंदर कांड, हनुमान चालीसा और रामचरितमानस की मांग बढ़ी 

गीता प्रेस के प्रबंधक लालमणि त्रिपाठी कहते हैं कि राम लला की प्राण प्रतिष्ठा की तारीख घोषित की गई है सुंदर कांड और हनुमान चालीसा के साथ-साथ रामचरितमानस की मांग बढ़ गई है। पिछले वर्षों हर महीने में हम रामचरितमानस की लगभग 75,000 प्रतियां प्रकाशित कर रहे थे। अब हमने 1 लाख प्रतियां प्रकाशित की हैं और कोई स्टॉक नहीं बचा।

10:55 PM, 12-Jan-2024

प्राण प्रतिष्ठा पर मॉरीशस में विशेष छुट्टी का एलान

राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान मॉरीशस सरकार ने विशेष छुट्टी का एलान किया है। मॉरीशस में दो घंटे की विशेष छुट्टी रहेगी।

09:26 PM, 12-Jan-2024

दीपावली के बाद पहली बार मिट्टी के दीये फिर आए बाजार में

पूरे देश में 22 जनवरी को राम दिवाली मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। ऐसा पहली बार हो रहा है कि दीपावली के बाद फिर से मिट्टी के दीयों की मांग निकली है। कुम्हारों के परिवार नवंबर में गई दिवाली के बाद एक बार फिर दीयों के कारोबार में लग गए हैं।

09:10 PM, 12-Jan-2024

जानें आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि जी ने क्या कहा

 श्री पंचायती निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि जी ने कहा कि पीएम मोदी ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा से पहले 11 दिवसीय अनुष्ठान किया। उन्होंने देश में राम राज्य लाने के लिए यह संकल्प लिया है। पीएम मोदी सभी के हित के लिए ऐसा कर रहे हैं। हमें यह संकल्प लेना चाहिए।' हम प्रधानमंत्री के अनुष्ठान में कैसे योगदान दे सकते हैं।

08:53 PM, 12-Jan-2024

रामलला को दूध पीने के लिए दान में मिलेंगी पांच गाय

अयोध्या में भगवान राम अपने बाल रूप में विराजमान होंगे। पांच वर्ष के बालक की उनकी छवि को ध्यान में रखते हुए उनके लिए विशेष वस्त्र और आभूषण भी तैयार किए गए हैं, जो भगवान को समय-समय पर पहनाए जाएंगे। चूंकि, राम लला बाल रूप में हैं और बच्चे के लिए दूध बहुत आवश्यक होता है, भगवान को दूध पीने के लिए दिल्ली के महंत मंगलदास राम मंदिर को पांच विशेष गाय अर्पित करेंगे। इन गायों का चयन पौराणिक रूप से उनकी विशेष मान्यता के आधार पर किया जा रहा है।

08:51 PM, 12-Jan-2024

गाजियाबाद में 14 से 22 जनवरी तक होंगे मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रम

गाजियाबाद में 14 से 22 जनवरी तक शहर के 40 मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रम होंगे। वहीं 22 जनवरी को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। सड़कें-चौराहे सजेंगे। जिसको लेकर नगर निगम तैयारियों में जुट गया है। साथ ही पार्षद-अधिकारी पूरी व्यवस्था को संभालेंगे। 

08:40 PM, 12-Jan-2024

22 को अयोध्या नहीं पहुंचा तो त्याग दूंगा प्राण

लगभग 500 वर्षों से भगवान श्री राम की जन्मस्थली अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण के लिए संघर्ष चला। कई साधु संत, राम भक्तों व कारसेवकों ने रामलला मंदिर के निर्माण के लिए अपनी कुर्बानी दी है। कई साधु संत ऐसे भी रहे जिन्होंने मंदिर का निर्माण नहीं होने तक कई चीजों का परित्याग किया। इन्हीं तपस्वियों में से एक हैं दतिया के मौनी बाबा, जो 44 सालों से राम मंदिर निर्माण के लिए मौन व्रत पर हैं। दतिया के मौनी बाबा ने कलेक्टर व एसपी को साफ कह दिया है कि उन्हें 22 जनवरी को अयोध्या नहीं पहुंचाया तो वे प्राण त्याग देंगे। 

08:39 PM, 12-Jan-2024

पीएम मोदी के 11 दिन के विशेष अनुष्ठान के साथ झूमेगी दिल्ली

राम मंदिर को लेकर देशभर के व्यापारी संगठनों द्वारा राष्ट्रव्यापी उत्सव मनाए जाने की तैयारी हो रही है। अगले 11 दिन तक दिल्ली के बाजारों राम की धुन बजेगी। अयोध्या में राम की प्राण प्रतिष्ठा से पहले पीएम मोदी के 11 दिन के विशेष अनुष्ठान के साथ ढोल, ताशे और शहनाई के साथ दिल्ली झूम उठेगी। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने बताया, 22 जनवरी को होने वाले श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर दिल्ली सहित देशभर के व्यापारियों में बेहद उत्साह और उल्लास का माहौल है।

08:14 PM, 12-Jan-2024

22 को अयोध्या धाम जंक्शन पर नहीं रुकेंगी ट्रेनें, रोडवेज बसें होंगी बंद

राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आने वाले वीवीआईपी की सुरक्षा के दृष्टिगत 22 जनवरी को अयोध्या धाम जंक्शन पर कोई ट्रेन नहीं रोकी जाएगी। प्रदेश पुलिस के अनुरोध पर रेलवे ने इसकी सहमति प्रदान कर दी है। वहीं रोडवेज की बसों को भी 21 और 22 जनवरी को अयोध्या के भीतर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। अयोध्या होकर अपने गंतव्य को जाने वाली बसों को दूसरे रूट से भेजा जाएगा।

07:17 PM, 12-Jan-2024

शहर में 10,548 स्थानों पर लगाए गए खुफिया सीसीटीवी कैमरे

श्रीरामजन्मभूमि मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या की सुरक्षा और अहम हो गई है। पूर्व में सार्वजनिक स्थलों पर लगे कैमरों के अलावा ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत जिले में 10,548 खुफिया कैमरे अब तक लग चुके हैं। इनमें रामनगरी के लगभग 3500 कैमरे शामिल हैं। कोतवाली अयोध्या क्षेत्र में लगभग 2,000, रामजन्मभूमि थाना क्षेत्र में लगभग डेढ़ हजार व नगर कोतवाली क्षेत्र में 710 कैमरे लगे हैं। इसके अलावा रेड जोन व येलो जोन में भी अलग-अलग क्षमता के आधुनिक कैमरे लगे हैं।

06:23 PM, 12-Jan-2024

राम मंदिर की सुरक्षा को लेकर अयोध्या से नेपाल बॉर्डर तक हाई अलर्ट

अयोध्या में बन रहे राम मंदिर परिसर का अचूक सुरक्षा घेरा तैयार किया जा रहा है। मंदिर में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए अयोध्या से लेकर नेपाल बॉर्डर तक हाई अलर्ट रहेगा। नेपाल से लगती यूपी की करीब 570 किलोमीटर सीमा पर विशेष चौकसी बरती जा रही है। नेपाल बॉर्डर से लगते यूपी के जिले खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, महाराजगंज, बलरामपुर सिद्धार्थनगर और पीलीभीत में इंटेलिजेंस टीम तैनात हैं। इन जिलों में करीब 257 ऐसे कच्चे रास्ते हैं, जो सीधे नेपाल बॉर्डर की ओर जाते हैं। इस सभी रास्तों पर अलर्ट है।

05:46 PM, 12-Jan-2024

17 जनवरी से लेकर प्राण प्रतिष्ठा तक नहीं होगी बिजली कटौती

भगवान श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर आप भी खूब उल्लासपूर्वक दीवाली मना सकेंगे। इस दौरान 24 घंटे बिजली आपूर्ति होगी। बिजली निगम ने रामभक्तों को यह तोहफा देने की तैयारी की है। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। शनिवार को होने वाली चेयरमैन की बैठक में इस पर मुहर लगने की उम्मीद है। अयोध्या जैसी व्यवस्था पूरे प्रदेश में भी लागू करने की उम्मीद है। शाम को घरों के बाहर रोशनी रहे इसके लिए सरकार पहले से तैयारी करने जा रही है। 

05:15 PM, 12-Jan-2024

अयोध्या में प्रतिदिन 30 हजार लोगों के रुकने का इंतजाम करेगी सरकार
22 जनवरी को श्रीरामलला अपने दिव्य-भव्य मंदिर में विराजमान होंगे। कई महीनों में अनेक राज्यों का दौरा कर चुके उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री मेजबान के रूप में 22 जनवरी के बाद लोगों को आमंत्रित भी कर चुके हैं। लिहाजा उनके रहने-खाने, रुकने, साफ सफाई की मुकम्मल व्यवस्था हो, इसके लिए सीएम योगी ने खुद खाका तैयार कर अफसरों को टास्क दे दिया है। योगी सरकार के निर्देश पर शासन-प्रशासन स्तर पर फिलहाल प्रतिदिन 30 हजार लोगों के रुकने की व्यवस्था की जा रही है। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए इसमें और इजाफा भी किया जाएगा। विगत दिनों रामनगरी आए योगी आदित्यनाथ ने निरीक्षण व समीक्षा बैठकों में साफ-सफाई, आतिथ्य स्वागत व अच्छा व्यवहार हर हाल में सुनिश्चित करने को कहा था।

04:46 PM, 12-Jan-2024

दिल्ली से अयोध्या के लिए SpiceJet की स्पेशल फ्लाइट

राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने के लिए जा रहे लोगों के लिए स्पाइस जेट ने स्पेशल फ्लाइट का एलान किया है। स्पाइस जेट कंपनी ने कहा है कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने के लिए 21 जनवरी से जाने वाले लोगों के लिए राजधानी दिल्ली से अयोध्या के लिए स्पेशल फ्लाइट चलेंगी। बता दें कि 22 जनवरी को अयोध्या में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है। बीती 30 दिसंबर को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महर्षि वाल्मीकी इंटरनेशनल एयरपोर्ट का अयोध्या में उद्घाटन किया था। 

04:09 PM, 12-Jan-2024

प्राण प्रतिष्ठा के दिन यूपी में बंद रहेंगे सभी सरकारी दफ्तर

राम मंदिर के प्राण मंदिर समारोह के दिन प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को आगामी पर्व त्योहारों के दृष्टिगत सुदृढ़ कानून-व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के संबंध में की जा रही तैयारियों की समीक्षा के दौरान इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थाओं के साथ सरकारी दफ्तरों को भी बंद रखा जाए।

04:07 PM, 12-Jan-2024

वीवीआईपी मूवमेंट के लिए बनाए गए ग्रीन कॉरिडोर

वीवीआईपी मूवमेंट के दृष्टिगत अयोध्या जाने वाले हर प्रमुख मार्ग को ग्रीन कॉरीडोर बनाया जाए। योगी ने कहा कि समारोह में देश-विदेश से धर्म, राजनीति, उद्योग, विज्ञान, सिनेमा, साहित्य, कला सहित अनेक क्षेत्रों के लब्धप्रतिष्ठ जन, संत समाज साक्षी बनेगा। तत्पश्चात मकर संक्रांति से गोरखपुर में खिचड़ी मेला, प्रयागराज में माघ मेला प्रारंभ हो रहा है। फर्रुखाबाद में भी प्राचीनकाल से कल्पवास की व्यवस्था है। वहीं, 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस समारोह है। यह समय अत्यंत संवेदनशील है।

02:59 PM, 12-Jan-2024

अगर 6 दिसंबर नहीं होता तो क्या होता?: ओवैसी

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ओवैसी ने बाबरी मस्जिद का नाम लिए बिना 6 दिसंबर की घटना का जिक्र किया है। ओवैसी ने सवालिया अंदाज में कहा है कि देखिए, अगर 6 दिसंबर नहीं होता तो क्या होता?

02:29 PM, 12-Jan-2024

'हमने 33 साल तक इंतजार किया'

कोठारी ब्रदर्स की बहन पूर्णिमा कोठारी ने कहा, ''पिछले 33 साल में यह पहली खुशी है। हमने अपने भाइयों के बलिदान के बाद 33 साल तक इंतजार किया और हम बहुत खुश हैं। 33 साल पहले मेरे भाइयों के साथ जो हुआ मैं कुछ भी नहीं भूली हूं। आज हम भव्य राम मंदिर को अपनी आंखों के सामने देख पा रहे हैं। लेकिन एक समय, हमने सारी उम्मीदें खो दीं... मुझे लगा कि मैं इसे कभी नहीं देख पाऊंगी... मैं खुश और गौरवान्वित हूं... मेरे भाइयों के बलिदान को आज उचित सम्मान मिल रहा है...''

01:59 PM, 12-Jan-2024

10 हजार सीसीटीवी कैमरे अयोध्या के चप्पे-चप्पे पर रखेंगे नजर

अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का इंतजार देश-विदेश में फैले करोड़ों रामभक्त कर रहे हैं। ऐसे में नगर की सुरक्षा को लेकर विशेष प्रबंध किए गए हैं। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर स्पेशल डीजी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रशांत कुमार ने कहा, 'अयोध्या में जो कार्यक्रम है वो देश और पूरे विश्व के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। उसके लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। सीसीटीवी द्वारा भी निगरानी कराई जा रही है। कार्यक्रम के दिन और उसके बाद आने वाले सभी श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई असुविधा ना हो, इसके लिए भी बेहतर व्यवस्था मुहैया कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि अयोध्या में 10,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

01:00 PM, 12-Jan-2024

रामलला के मित्र की आई याद, बर्मिंघम में बेटी के घर उत्सव

जन्मभूमि पर 22 जनवरी को प्राण-प्रतिष्ठा के मौके पर रामलला की मुक्ति के लिए जीवन पर्यंत संघर्ष करने वाले इकलौते मित्र जस्टिस देवकीनंदन अग्रवाल की याद आयोजकों को आई है। जन्मभूमि की मुक्ति के लिए रामलला विराजमान के सखा के रूप में मुकदमा दाखिल करने वाले न्यायमूर्ति देवकी नंदन अब इस दुनिया में नहीं रहे, लेकिन बर्मिंघम में रहने वाली उनकी पुत्री डॉ. मीनू अग्रवाल अपनी पुत्री के साथ अयोध्या के समारोह में विशिष्ट मेहमान बनकर आएंगी।

12:34 PM, 12-Jan-2024

'हम बहुत भाग्यशाली हैं, हम राम मंदिर का निर्माण पूरा होते देख सकते हैं'

कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा, "हम बहुत भाग्यशाली हैं कि हम राम मंदिर का निर्माण पूरा होते देख सकते हैं... मुझे लगता है कि 22 जनवरी भारत में राम राज्य की पुनः स्थापना की तारीख है।"
 

12:28 PM, 12-Jan-2024

राम मंदिर थीम वाली बनारसी साड़ियों की विदेशों में भी डिमांड

राम मंदिर थीम पर बनी बनारसी साड़ियों की डिमांड अब विदेशों में भी हो रही है। खास उचंत बुनकरी की कला से तैयार ये साड़ियां इटली और सिंगापुर भेजी जा रही हैं। अब जब अयोध्या राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है, तब इन साड़ियों की मांग और बढ़ने की उम्मीद है। लोहता कोरौता निवासी सर्वेश कुमार श्रीवास्तव खास उचंत बुनकरी कला से ये बनारसी साड़ियां तैयार कर रहे हैं। सर्वेश के मुताबिक मौजूदा समय में इन साड़ियों की मांग बढ़ गई है। इटली, सिंगापुर के अलावा गुजरात, महाराष्ट्र, बंगलूरू और चेन्नई से खास ऑर्डर मिले हैं। हाल ही में उन्होंने राम मंदिर डिजाइन वाली साड़ी इटली भेजी है। इस बनारसी साड़ी के आंचल पर राम मंदिर और बॉर्डर पर सरयू की डिजाइन बनाई गई है।

11:54 AM, 12-Jan-2024

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, ये कार्यक्रम धार्मिक नहीं राजनीतिक

राम मंदिर के 'प्राण प्रतिष्ठा' समारोह पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, "प्राण प्रतिष्ठापन जब किया जाता है तब उसका एक विधि विधान होता है, क्या ये कार्यक्रम धार्मिक है? अगर ये कार्यक्रम धार्मिक है तो क्या विधा विधान से कार्यक्रम किया जा रहा है? अगर ये कार्यक्रम धार्मिक है तो क्या चारों पीठों के हमारे शंकराचार्य की सलाह और देख-रेख से इस कार्यक्रम का स्वरूप तय किया जा रहा? चारों शंकराचार्य कह चुके हैं कि एक अधुरे मंदिर की प्राण प्रतिष्ठापन नहीं की जा सकती है। अगर ये कार्यक्रम धार्मिक नहीं है तो ये कार्यक्रम राजनीतिक है..."

11:53 AM, 12-Jan-2024

दिन के हिसाब से वस्त्र

भगवत का कहना है कि रामलला के वस्त्र दिन के अनुसार तैयार किए जाते हैं। सोमवार को सफेद, मंगलवार को लाल, बुधवार को हरा, गुरुवार को पीला, शुक्रवार को क्रीम, शनिवार को नीला और रविवार के लिए गुलाबी रंग का वस्त्र तैयार किया जाता है।

11:53 AM, 12-Jan-2024

10 हजार में तैयार हो जाता है वार्डरोब

भगवत ने बताया कि भगवान रामलला के लिए सात दिन के हिसाब से कपड़े तैयार किए जाते हैं। इसको तैयार करने में लगभग 10 हजार रुपये का खर्च आता है। इसमें तीन पर्दे, एक बड़ा बिछौना, छह छोटे बिछौने, छह दुपट्टा और रजाई शामिल हैं।

11:47 AM, 12-Jan-2024

रामलला की पोशाक के लिए नाप का इंतजार

वशिष्ठ कुंड के पास रामलला के दर्जी भगवत प्रसाद पहाड़ी की मशीनों की खटर-पटर तो जारी है, लेकिन रामलला के पोशाक को तैयार करने का काम फिलहाल बंद है। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से रामलला की मूर्ति की नाप नहीं मिलने के कारण प्रमुख विग्रह के कपड़े वह नहीं तैयार कर पा रहे हैं।

भगवत का कहना है कि जब ट्रस्ट की ओर से हरी झंडी नहीं मिलेगी तो वह आगे काम कैसे बढ़ाएंगे? नाप मिल जाएगा तो अधिकतम दो दिन में सारे कपड़े तैयार हो जाएंगे। भगवत ने बताया कि उन्होंने रामलला की तीन पोशाक फिलहाल तैयार करके रखी हैं। इसमें एक सफेद, दूसरी पीली और तीसरी लाल रंग की है। भगवत के पास प्रदेश ही नहीं देशभर से भक्त फोन करके कपड़ों को तैयार कराने का ऑर्डर दे रहे हैं। जयपुर, मध्य प्रदेश, मकराना, गुजरात और हरिद्वार से ऑर्डर देने वालों की संख्या सबसे अधिक है। अब तक वह 25 हजार से ज्यादा सेट तैयार कर चुके हैं।

11:32 AM, 12-Jan-2024

Ayodhya Ram Mandir Live: प्राण प्रतिष्ठा के दौरान मॉरीशस में विशेष छुट्टी का एलान,बढ़ गई मांग रामचरितमानस की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से पहले एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक ऑडियो संदेश जारी किया। उन्होंने कहा, 'अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में केवल 11 दिन ही बचे हैं। मेरा सौभाग्य है कि मैं भी इस पुण्य अवसर का साक्षी बनूंगा। प्रभु ने मुझे प्राण प्रतिष्ठा के दौरान सभी भारतवासियों का प्रतिनिधित्व करने का निमित्त बनाया है। इसे ध्यान में रखते हुए मैं आज से 11 दिन का विशेष अनुष्ठान आरंभ कर रहा हूं। मैं आप सभी जनता-जनार्दन से आशीर्वाद का आकांक्षी हूं। इस समय, अपनी भावनाओं को शब्दों में कह पाना बहुत मुश्किल है, लेकिन मैंने अपनी तरफ से एक प्रयास किया है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें