राजधानी दिल्ली के कश्मीरी गेट स्थित यमुना नदी के वासुदेव घाट पर अयोध्या राम मंदिर बना है। मुंबई के कारीगरों ने इसे एक माह में बनाया है। आयोजकों का कहना है कि प्राण प्रतिष्ठा दिवस पर 22 जनवरी को यहां दीपावली मनाई जाएगी।
श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर देशभर में उत्साह है। दिल्ली भी इसमें पीछे नहीं है। जो लोग उस दिन अयोध्या नहीं जा सकेंगे, वह यमुना किनारे अयोध्या सरीखे राम मंदिर में पूजा-अर्चना कर सकेंगे। मुंबई के कारीगरों की टीम ने एक महीने में इसे तैयार किया है।
विज्ञापन
आयोजकों का कहना है कि प्राण प्रतिष्ठा दिवस पर 22 जनवरी को यहां दीपावली मनाई जाएगी। इसमें उपराज्यपाल वीके सक्सेना भी शिरकत करेंगे। प्रशासन की अनुमति मिलने पर इस मंदिर के मॉडल को पूरी दिल्ली में घुमाने की योजना है। इससे राम मंदिर के प्रतिरूप को नजदीक से देखा जा सकेगा।
प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को दिल्ली में हर कोई अपने-अपने तरीके से मना रहा है। इसी में पुरानी दिल्ली की एक संस्था ने मंदिर ही बना कर स्थापित कर दिया है। पुरानी दिल्ली की पुरानी संस्थाओं में से एक व 1898 में स्थापित बड़ी पंचायत वैश्य बीसे अग्रवाल नाम की संस्था ने पुरानी दिल्ली अयोध्या के राम मंदिर का प्रतिरूप तैयार करवाया है।
विज्ञापन
यमुना के किनारे बने वासुदेव घाट पर इसे स्थापित किया गया है। यहां भव्य रूप से 22 जनवरी को कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना इस कार्यक्रम में शरीक होंगे और पूजा-अर्चना करेंगे। पंचायत के प्रधान संजय सिंघल ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन शाम 5 बजे इस घाट पर 10,000 दीप जलाकर दीपावली मनाई जाएगी। इस पूरे मंदिर को वही रूप दिया गया है, जैसा अयोध्या में नागर शैली में मंदिर तैयार किया गया है।
इसमें भजन और आरती का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगले महीने से जिस तरह से हरिद्वार और वाराणसी में गंगा की आरती होती है, ठीक वैसे ही आरती वासुदेव घाट पर भी होगी। इस मंदिर को बनाने में मुंबई से 25 कारीगरों को बुलाया गया था। एक महीने में इस मंदिर की प्रतिकृति(मॉडल) को बनाने में कामयाबी मिली है। इसे फूलों से सजाया गया है।
राम का भजन गाकर महिलाएं रचा रहीं राम नाम की मेहंदी
राममय हुई दिल्ली में प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की महिलाएं राम नाम की मेहंदी रचा रही हैं। शनिवार को दिल्ली के कनॉट प्लेस में एकत्रित होकर महिलाओं ने श्रीराम के भजन गाते हुए राम नाम की मेहंदी लगाई और 50,000 दीपक महिलाओं और बुजुर्गों को बांटे। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्षा ऋचा पांडेय मिश्रा के नेतृत्व में इसका आयोजन किया गया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि सिर्फ दिल्ली ही नहीं बल्कि पूरे देश में 22 जनवरी के शुभ मुहूर्त का इंतजार हो रहा है। इस दिन दिल्ली भी दिवाली मनाने के लिए तैयार है। धार्मिक स्थलों, मंदिरों की सफाई करने के साथ-साथ अपने घरों की भी सफाई कर उसे सजाने में लोग लगे हैं।
छात्रों ने बनाई श्रीराम नाम की मानव शृंखला
दिल्ली के मयूर विहार-3 स्थित विद्या बाल भवन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को छात्रों ने श्रीराम नाम की मानव शृंखला बनाई। इसके जरिये उन्होंने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्रों ने खेल के मैदान को एकता और रचनात्मकता के कैनवास में बदल दिया। इसमें चौथी से आठवीं तक के छात्रों ने भाग लिया।
इस बारे में स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ सतवीर शर्मा ने कहा कि सभी छात्रों ने बेहद ही आकर्षक तरीके से मानव शृंखला बनाई है और उन्हें छात्रों पर गर्व है। छात्रों ने सभी का दिल जीत लिया।