राजस्थान पुलिस ने जापानी युवती से बलात्कार के आरोपी की जानकारी देने वाले को एक लाख रुपए के ईनाम की घोषणा की है। मुख्य आरोपी अजीत सिंह चौधरी बुधवार को भी पुलिस की पकड़ से दूर रहा।
जयपुर रेंज आईजी डी.सी. जैन ने बताया कि जयपुर से करीब 50 किलोमीटर दूर ले जाकर बीस वर्षीय जापानी छात्रा से तीन दिन पूर्व बलात्कार हुआ था। उन्होंने बताया कि अजीत शादीशुदा है और अपने रिश्तेदार व दोस्तों की मदद से जयपुर से बाहर भाग गया।
आरोपी की तलाश के लिए पुलिस दलों को अलग-अलग जगहों पर भेजा गया है। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को पुलिस की पकड़ से दूर भगाने में सहयोग करनेवाले चचेरे व ममेरे भाई सहित सात जनों को गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ जारी है।