जालोर जिले के सांचौर थाना क्षेत्र में इंसानियत को शर्मशार करने वाला मामला सामने आया। यहां एक गांव में अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को लड़की के परिजनों ने पकड़ लिया। परिजनों ने युवक को पेड़ से बांधकर जमकर पीटा। इतना ही नहीं परिजनों और गांव वालों ने युवक को मारने के साथ-साथ जबरदस्ती पेशाब पिला दिया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई, लेकिन अभी तक किसी के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार सांचौर की नेहरू कॉलोनी में रहने वाला एक युवक गांव की एक लड़की के से प्रेम करता है। लड़के की गलती ये रही कि वो रविवार की रात लड़की से मिलने उसके गांव चला गया। तभी लड़की के परिजनों और पड़ोसियों ने उसे पकड़ लिया और पेड़ से बांधकर उसकी पिटाई की। उसको लाठी-डंडों से जमकर पीटा। मारपीट से युवक बेसुध हो गया। मामले की जानकारी मिलने पर युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवक के परिजनों ने ग्रामीणों से उसको छोड़ने की मिन्नत की, लेकिन वे नहीं माने। लोगों युवक को जबरन पेशाब पिलाया। इस दौरान वहां मौजूद किसी शख्स ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। सोमवार शाम करीब चार बजे यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
जालोर एसपी हर्षवर्धन अग्रवाल ने कहा कि मामले के अनुसार एक युवक को बांधकर मारपीट की गई है। घटना को लेकर अभी तक मामला दर्ज नहीं कराया गया है। किसी ने रिपोर्ट दी तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।