झुंझुनूं जिले के चिड़ावा शहर में एक मकान से नौ लाख 87 हजार रुपये और दस लाख से अधिक के जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया है। ये चोरी वार्ड नं. 34 में रहने वाली वीरांगना राजबाला के यहां 27 सितंबर को हुई है। वीरांगना राजबाला एग्रीकल्चर विभाग में कार्यरत हैं। उनके ड्यूटी पर और बेटे के स्कूल जाने के बाद चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है।
वीरांगना राजबाला का बेटा वापस आया तो उसे घर का सारा सामान बिखरा हुआ मिला। इसके बाद उसने घटना की जानकारी अपनी मां राजबाला दी। राजबाला ने अपने पड़ोसी को फोन कर घर भेजा।
राजबाला के पड़ोसी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि लोन के जरिए लिए गए नौ लाख 87 हजार रुपये घर में रखे थे। घर में घुसे चोरों ने इन रुपयों समेत 10 लाख रुपये से अधिक के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर केस दर्ज किया। साथ ही डॉग स्क्वायॅड की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। प्राथमिकी जांच में सामने आया है कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब थे। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द की चोरों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।