भतीजे की हत्या करने का आरोपी ताऊ गिरफ्तार
- फोटो : Amar Ujala Digital
भरतपुर के कुम्हेर कस्बे में एक युवक की हत्या कर उसका चुपचाप दाह संस्कार कर दिया गया था। पुलिस ने इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा किया। ताऊ और उसके बेटों ने ही युवक की हत्या कर उसके आत्महत्या दिखाने के लिए लाश फंदे से लटका दिया था।
थाना पुलिस को सूत्रों से हत्या किया जाने का पता चला। जिसके बाद पुलिस ने स्वयं परिवादी बन जांच की और घटना का खुलासा कर आरोपी ताऊ अमरचंद पुत्र रामजीलाल (47) निवासी नाहरगंज को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश थाना पुलिस कर रही है। भरतपुर एसपी श्याम सिंह ने बताया कि कुम्हेर कस्बे के नाहर गंज क्षेत्र में एक युवक योगेश की हत्या कर चुपचाप दाह संस्कार कर दिया गया। थाना पुलिस को हत्या के बारे में विश्वस्त सूत्रों से पता चला। परिजनों ने रिपोर्ट नहीं दर्ज कराई। जिसके बाद थानाधिकारी हिमांशु की ओर से बीट कांस्टेबल से एफआईआर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज किया। जिसके बाद मात्र 24 घंटे में हत्या का खुलासा कर आरोपी ताऊ अमरचंद को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक योगेश की माता-पिता की बचपन में ही मौत हो गई थी। जिसके बाद उसे दादी ने ही पाला पोसा था। योगेश का ताऊ अमरचंद काम की वजह से फरीदाबाद रहता था। दिवाली पर नाहरगंज स्थित अपने पैतृक निवास आया था। इसी मकान में योगेश अपने ताऊ अमरचंद और ध्रुव सिंह के बेटे के साथ कमरा शेयर करता था। अमर सिंह की पत्नी कमलेश योगेश की सगी मौसी भी लगती है।
पिछले चार दिनों से योगेश दादी की आत्मा आने और कमरे में किसी को नहीं सुलाने की बात कहकर लड़ने झगड़ने लगा। उसने दोनों भाइयों को कमरे से निकाल दिया। 3 वे 4 नवंबर की मध्य रात घर के बाहर चबूतरे पर सो रहे दोनों भाइयों को लड़-झगड़ कर अंदर सोने को कहा। रोज-रोज के झगड़े से तंग आकर अमरचंद, उसके बेटे ध्रुव सिंह के बेटे ने योगेश को झगड़ों के लिए उलाहना दिया। विवाद बढ़ जाने पर चाकू से तीनों ने योगेश पर हमला कर दिया। जिससे योगेश की मौत हो गई। इसके बाद तीनों ने मिलकर हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए योगेश को रस्सी से पंखे पर लटका दिया गया। सुबह जल्दी गली-मोहल्ले के लोगों को एकत्रित कर शव को पंखे से नीचे उतारा गया। पड़ोसियों ने गले पर चोट का निशान देख पुलिस को सूचना देने को कहा तो अभियुक्त आनन-फानन में कुछ लोगों को साथ लेकर शव का दाह संस्कार कर आए। पीछे से अमरचंद की पत्नी कमलेश ने फर्श पर पड़े और चाकू पर लगे खून को पानी से अच्छी तरह धो दिया।
थानाधिकारी हिमांशु सिंह की ओर से तकनीकी साक्ष्य और घटना के बाद एफएसएल की ओर से मृतक के कमरे से उठाए गए साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण कर कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए आरोपी ताऊ अमरचंद को डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।