Udaipur: घटना के बाद खेतों में काम कर रहे लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर मदद की। टमुबाई को तुरंत वल्लभनगर सैटेलाइट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल कंकुबाई को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उदयपुर में अकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हुई है। जिले के वल्लभनगर क्षेत्र के तारावट गांव में रविवार शाम जब दो महिलाएं खेत में बकरियां चराने गई थी, तभी उनपर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, टमुबाई (44), पत्नी लोगर गाड़री और कंकुबाई (50), पत्नी भाना गाड़री सुबह खेतों में बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई। दोनों महिलाएं पास ही स्थित रामचंद्र नाई के खेत में एक पेड़ के नीचे बकरियों को लेकर पहुंचीं, तभी तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी और टमुबाई की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पास खड़ी कंकुबाई झुलसकर घायल हो गई।
हादसे में तीन बकरियों की भी जान चली गई। घटना के बाद खेतों में काम कर रहे लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर मदद की। टमुबाई को तुरंत वल्लभनगर सैटेलाइट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायल कंकुबाई को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गौरतलब है कि टमुबाई बीपीएल परिवार से थी। घटना की खबर मिलते ही गांव के सरपंच भेरूलाल गुर्जर और पूर्व सरपंच भेरूलाल जाट सहित कई लोग अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।