नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत जिले में दो चरणों में मतदान संपन्न होने के बाद अब 14 सितंबर को मतगणना होगी। उदयपुर नगर निगम के 80 वार्डों की मतगणना राजस्थान कृषि महाविद्यालय परिसर में सुबह 8 बजे से शुरू होगी। जिला प्रशासन ने राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतगणना को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतगणना केंद्र पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और केवल अधिकृत पासधारकों को ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके साथ ही गणना केंद्र के भीतर मोबाइल फोन ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी।
16 राउंड में सामने आएगा 80 वार्डों का परिणाम
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया कि मतगणना कार्मिकों को सुबह 6:30 बजे तक गणना स्थल पर पहुंचना अनिवार्य रहेगा। नगर निगम के 80 वार्डों की मतगणना के लिए पांच गणना कक्ष निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक गणना कक्ष में अधिकतम आठ टेबल लगाई गई हैं। पूरी मतगणना प्रक्रिया 16 राउंड में पूरी होगी।
पांच नगरपालिकाओं में मुख्यालय पर होगी मतगणना
उदयपुर नगर निगम के अलावा जिले की वल्लभनगर, मावली, भींडर, कानोड़ और फतहनगर-सनवाड़ नगरपालिकाओं की मतगणना संबंधित नगरपालिका मुख्यालय पर बनाए गए वितरण एवं संग्रहण केंद्रों पर होगी।
इन सभी स्थानों पर एक-एक गणना कक्ष स्थापित किया गया है। प्रत्येक गणना कक्ष में पांच-पांच टेबल लगाई गई हैं। प्रशासन ने इन केंद्रों पर भी मतगणना प्रक्रिया को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मतगणना केंद्र पर रहेगी त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि मतगणना को लेकर व्यापक सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं। मतगणना स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। केवल अधिकृत पासधारकों को ही गणना केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी। अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत मतगणना केंद्र के भीतर मोबाइल फोन ले जाना भी पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। प्रशासन और पुलिस की ओर से मतगणना प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
जिस वार्ड की गणना, उसी के एजेंटों को मिलेगा प्रवेश
मतगणना के दौरान प्रत्याशियों के अधिकृत एजेंट भी मौजूद रहेंगे। उनके सामने पारदर्शी तरीके से गणना प्रक्रिया पूरी की जाएगी। हालांकि, एजेंटों के प्रवेश की व्यवस्था वार्डवार रखी गई है। जिस वार्ड की गणना चल रही होगी, उसी वार्ड के प्रत्याशियों के अधिकृत एजेंटों को संबंधित गणना कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा। उस वार्ड की गणना पूरी होने के बाद एजेंटों को बाहर भेज दिया जाएगा। इसके बाद अगले वार्ड के प्रत्याशियों के अधिकृत एजेंटों को गणना कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा।