उदयपुर में गैस की कालाबाजारी पर कार्रवाई
- फोटो : अमर उजाला
उदयपुर में घरेलू गैस सिलिंडरों के व्यावसायिक उपयोग और अवैध रिफिलिंग पर रोक लगाने के लिए जिला रसद विभाग ने गुरुवार को सख्त कार्रवाई की। आरके सर्कल के पास पेट्रोल पंप स्थित शिव कॉलोनी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान 16 घरेलू और 2 कमर्शियल गैस सिलिंडर जब्त किए गए। इसके साथ ही गैस ट्रांसफर में उपयोग हो रहे उपकरण भी कब्जे में लिए गए।
अधिकारियों के निर्देशन में चला अभियान
यह कार्रवाई जिला रसद अधिकारी प्रथम सृष्टि डबास के निर्देशन में की गई। प्रवर्तन अधिकारी गिर्वा डॉ. निशा मुंदड़ा और प्रवर्तन अधिकारी (शहर) मानसी पंड्या के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। विभाग को पहले से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में घरेलू सिलिंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है।
मौके पर पकड़ी गई अवैध रिफिलिंग
निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि हॉकर एचपी गैस एजेंसी के पास एक घरेलू गैस सिलेंडर से कमर्शियल सिलिंडर में गैस ट्रांसफर की जा रही थी। यह कार्य बिना अनुमति के किया जा रहा था। टीम ने तुरंत इस प्रक्रिया को रुकवाते हुए वहां मौजूद सभी सिलिंडरों की जांच की।
सिलिंडर और उपकरण जब्त
जांच के दौरान कुल 16 घरेलू और 2 कमर्शियल गैस सिलिंडर बरामद किए गए। इसके अलावा सिलिंडरों के बीच गैस ट्रांसफर करने में उपयोग की जा रही बांसुरी (पाइप) को भी जब्त कर लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग नियमों के खिलाफ है और इससे राजस्व हानि होती है।
पढ़ें- LGP Crisis: 'राजस्थान में तेल-गैस पर्याप्त', पश्चिम एशिया तनाव के बीच सर्वदलीय बैठक में CM भजनलाल ने दिया भरोसा
कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू
जिला रसद अधिकारी सृष्टि डबास ने बताया कि मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। जांच के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आमजन से सहयोग की अपील
रसद विभाग ने लोगों से अपील की है कि घरेलू गैस सिलिंडरों के अवैध उपयोग या रिफिलिंग की जानकारी मिलने पर तुरंत विभाग को सूचित करें। विभाग लगातार निगरानी रख रहा है और कालाबाजारी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।