डॉ. इकबाल सक्का
- फोटो : अमर उजाला
अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त स्वर्ण शिल्पी एवं विश्व रिकॉर्ड धारक डॉ. इकबाल सक्का ने अपनी सूक्ष्म कला से एक और उपलब्धि हासिल की है। भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के अवसर पर उनके द्वारा निर्मित महज 1 सेंटीमीटर आकार का स्वर्ण-रजत भगवान जगन्नाथ रथ होप इंटरनेशनल वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है।
डॉ. सक्का ने इस लघु कलाकृति में भगवान जगन्नाथ की प्रतिमा, रथ, मंदिर, 'ॐ' अंकित पताका और घोड़े को बेहद बारीकी और कलात्मक ढंग से तैयार किया है। इस विशेष कलाकृति को पुरी (ओडिशा) में भगवान जगन्नाथ को समर्पित किया गया।
डॉ. सक्का ने बताया कि होप इंटरनेशनल वर्ल्ड रिकॉर्ड के भारतीय फाउंडेशन के चीफ एडिटर डॉ. अहमद शेख ने उन्हें विश्व की सबसे छोटी कलाकृतियों में शामिल होने का प्रमाण-पत्र और गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया।
पढ़ें: 'राजनीति में प्रतिशोध की भावना बढ़ रही, संवाद का स्तर गिरा रहा है': अमृत महोत्सव कार्यक्रम में बोलीं वसुंधरा
इस उपलब्धि के बाद राजस्थान करंट अफेयर्स और राजस्थान सामान्य ज्ञान (जीके) में भी यह प्रश्न शामिल किया गया है कि एक सेंटीमीटर का स्वर्ण-रजत भगवान जगन्नाथ रथ बनाने वाले राजस्थान के शिल्पी कौन हैं? इसका उत्तर डॉ. इकबाल सक्का (उदयपुर) है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. सक्का ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि उदयपुर और राजस्थान की समृद्ध कला एवं शिल्प परंपरा का सम्मान है। उन्होंने इसे प्रदेश के कलाकारों के लिए प्रेरणादायक बताया।
डॉ. सक्का के नाम पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड दर्ज हैं। उनकी सूक्ष्म स्वर्ण-रजत कलाकृतियों को देश-विदेश में सराहा गया है। यह नई उपलब्धि एक बार फिर उदयपुर और राजस्थान को वैश्विक स्तर पर गौरवान्वित करने वाली साबित हुई है।