फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udaipur: काली स्कॉर्पियो से महिला को कुचलने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने 4 दिन के रिमांड पर भेजा

Tue, 11 Aug 2026 07:46 PM IST
उदयपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उदयपुर

सार

उदयपुर में 52 वर्षीय उर्मिला कंवर को स्कॉर्पियो से कुचलकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो आरोपी गोवा के बागा बीच से पकड़े गए। कोर्ट ने तीनों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

विज्ञापन
इसी स्कॉर्पियो से हुआ था हादसा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उदयपुर में 52 वर्षीय महिला को काली स्कॉर्पियो से कुचलकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दो मुख्य आरोपियों को राजस्थान और गोवा पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में गोवा के बागा बीच से पकड़ा गया। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस आरोपियों से वारदात और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

मामला उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र स्थित कपिल विहार का है। यहां 7 अगस्त की शाम 52 वर्षीय उर्मिला कंवर को काली स्कॉर्पियो से कुचल दिया गया था। घटना के बाद मुख्य आरोपी फरार हो गए थे।

पुलिस ने आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने के बाद गोवा पुलिस से संपर्क किया। रविवार 9 अगस्त की शाम करीब 7 बजे गोवा टूरिस्ट पुलिस की टीम ने बागा बीच पर घेराबंदी कर यशवर्धन सिंह चुंडावत और उसके जीजा यशपाल सिंह झाला को हिरासत में लिया। इसके बाद दोनों को उदयपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान दोनों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान अंबाघाटी के पास गिरने से उनके पैरों में गंभीर चोटें आईं। दोनों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मामले में शामिल तीसरे आरोपी विशाल शर्मा को प्रतापनगर थाना पुलिस ने उदयपुर से ही गिरफ्तार किया। प्रतापनगर थानाधिकारी अजय सिंह राव और डीएसपी छवि शर्मा के अनुसार, शुरुआती जांच में वारदात के पीछे दो गुटों के बीच चल रहा पुराना आर्थिक विवाद सामने आया है।

पुलिस के मुताबिक, मृतका उर्मिला कंवर के बेटे दिव्यराज सिंह के दोस्त और विरोधी गुट के बीच पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। 7 अगस्त को सवीना कृषि मंडी स्थित कार रेंटल ऑफिस और बेड़वास इलाके में तोड़फोड़ की घटना हुई थी।

विज्ञापन


पढ़ें: JNVU केंद्रीय कार्यालय पर छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन, पुलिस ने छात्रों को खदेड़ा

पुलिस के अनुसार, इसी तोड़फोड़ का बदला लेने के लिए आरोपी पक्ष करीब 20 से 25 लोगों के साथ स्कॉर्पियो में सवार होकर कपिल विहार पहुंचा। यहां वाहनों में तोड़फोड़ की जा रही थी। इसी दौरान उर्मिला कंवर ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि बदमाशों ने महिला पर स्कॉर्पियो चढ़ा दी। महिला को गाड़ी से करीब 7 से 8 फीट तक घसीटा गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

महिला की मौत के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान आरोपियों के खिलाफ अवैध वसूली से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं।

पुलिस ने अब तक इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने तीनों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर वारदात की पूरी कड़ी, घटना में इस्तेमाल वाहन और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पूछताछ और जांच के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें