उदयपुर की फिजाओं में इस बार सिर्फ गर्मी नहीं, देशभक्ति की पतंगें भी तैरेंगी। शुक्रवार को निर्जला एकादशी के अवसर पर फतहसागर के सूखे पेटे में कुछ ऐसा नजारा देखने को मिलेगा, जो इससे पहले कभी नहीं देखा गया।
लेकसिटी काईट कल्चर टीम के अंतरराष्ट्रीय पतंगबाज अब्दुल कादिर अपनी टीम के साथ शाम 5 बजे से देशभक्ति पतंग महोत्सव का आयोजन करेंगे, जिसमें एक साथ 500 से अधिक पतंगें आकाश में तिरंगी छटा बिखेरेंगी। इस साल की पतंगबाजी खास है क्योंकि यहां सिर्फ कला नहीं, बल्कि गर्व की कहानी भी लिखी जाएगी। इस बार फतह सागर की हिचकोले खाती लहरों के ऊपर आसमान में ऑपरेशन सिंदूर थीम के तहत भारतीय सेना के अदम्य साहस को समर्पित पतंगें उड़ती हुई दिखाई देंगी।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: कल रामेश्वरम के लिए रवाना होगी पहली एसी तीर्थयात्रा ट्रेन, सीएम भजनलाल शर्मा दिखाएंगे हरी झंडी
एक तरफ जहां भारत की पहली महिला परेड कमांडर सोफिया कुरैशी को समर्पित पतंगें नारी शक्ति की ऊंची उड़ान को दर्शाएंगी, वहीं व्योमिका थीम भारतीय वायुसेना की महिला फाइटर पायलट्स को नमन करती नजर आएगी। इन थीम्स पर आधारित पतंगों के साथ ही I Love Udaipur, दिलनुमा डिजाइन, कोबरा, ऑक्टोपस, लिफ्टर, बॉक्सनुमा और गोल चकरी जैसे डिजाइन भी शामिल होंगे। 500 ट्रेननुमा पतंगों की विशेष रूप से एक साथ उड़ान आसमान को रंगीन कर देगी।
अब्दुल कादिर के साथ उनकी टीम शाहबाज, जुनैद, प्रवीन कुमार, मकबूल, जमील और सलीम भाई भी इस रोमांचकारी प्रदर्शन में शामिल होंगे। यह आयोजन सिर्फ पतंगबाजी नहीं बल्कि एक उड़ता हुआ सलाम होगा उन वीरों को जिनकी वजह से आसमान भी आजाद है।
उदयपुर में आसमान से बिखरेगी देशभक्ति छटा
उदयपुर में आसमान से बिखरेगी देशभक्ति छटा
उदयपुर में आसमान से बिखरेगी देशभक्ति छटा