सार
उदयपुर जिला परिषद की 47 सीटों में भाजपा ने 24, कांग्रेस ने 22 और BAP ने एक सीट जीती। पूर्व विधायक नानालाल अहारी और उनके बेटे सोनू अहारी चुनाव हार गए। कई राजनीतिक परिवारों के उम्मीदवारों ने जीत भी दर्ज की।
राजस्थान के उदयपुर जिले में पंचायती राज चुनाव के नतीजों में भाजपा ने जिला परिषद की 47 सीटों में से 24 पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस को 22 सीटें मिलीं, जबकि भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने एक सीट पर कब्जा जमाया। चुनाव में कई राजनीतिक दिग्गजों को हार का सामना करना पड़ा। भाजपा के पूर्व विधायक नानालाल अहारी जिला परिषद का चुनाव हार गए। वहीं, उनके बेटे सोनू अहारी भी पंचायत समिति सदस्य का चुनाव नहीं जीत सके।
उदयपुर जिला परिषद के चुनाव परिणामों में भाजपा ने 24 सीटों के साथ बहुमत हासिल किया है। कांग्रेस को 22 और BAP को एक सीट मिली है। मावली से भाजपा के पूर्व विधायक दलीचंद डांगी ने जिला परिषद के वार्ड 43 से जीत दर्ज की।
दूसरी ओर, खेरवाड़ा से भाजपा के पूर्व विधायक नानालाल अहारी को वार्ड 22 में कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल ने शिकस्त दी। उनके बेटे सोनू अहारी भी ऋषभदेव पंचायत समिति के वार्ड 4 से चुनाव हार गए। सोनू अहारी मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुके हैं।
राजसिंह झाला ने 1575 वोटों से दर्ज की जीत
जिला परिषद के वार्ड 32 से कांग्रेस उम्मीदवार राजसिंह झाला ने 1575 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। राजसिंह झाला पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना के करीबी माने जाते हैं। वह पूर्व मंत्री स्वर्गीय गुलाब सिंह शक्तावत के दोहिते और पूर्व विधायक स्वर्गीय गजेंद्र सिंह शक्तावत के भांजे हैं।
इसके अलावा जिला परिषद के वार्ड 31 से कांग्रेस के अरविंद सिंह पटिया ने जीत दर्ज की। वहीं, वार्ड 40 से भाजपा के डॉ. चंद्रगुप्त सिंह चौहान विजयी रहे। चौहान भाजपा उदयपुर देहात के पूर्व जिला अध्यक्ष रह चुके हैं।
विवेक कटारा और मांगीबाई ने भी दर्ज की जीत
पंचायत समिति चुनाव में गिर्वा के वार्ड 4 से कांग्रेस उम्मीदवार विवेक कटारा ने जीत हासिल की। वह पूर्व मंत्री स्वर्गीय खेमराज कटारा के बेटे हैं। वहीं, भींडर पंचायत समिति के वार्ड 2 में निर्दलीय प्रत्याशी मांगीबाई ने भाजपा उम्मीदवार प्रकाशी को हराया। मांगीबाई को 828 वोट मिले, जबकि प्रकाशी को 754 वोट प्राप्त हुए।