फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udaipur Passenger Bus Fire: चलती बस में लगी भीषण आग, यात्रियों ने गेट से कूदकर बचाई जान; कैसे हुआ हादसा?

Tue, 05 May 2026 09:59 PM IST
उदयपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उदयपुर

सार

Udaipur Sleeper Bus Fire: उदयपुर के बलीचा में चलती स्लीपर बस में आग लगने से अफरातफरी मच गई। 38 यात्रियों ने इमरजेंसी गेट से कूदकर जान बचाई। दमकल ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट कारण माना गया, सभी यात्री सुरक्षित हैं।
विज्ञापन
उदयपुर में स्लीपर बस बनी आग का गोला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उदयपुर शहर के गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र के बलीचा में मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब 38 यात्रियों से भरी एक निजी स्लीपर कोच बस में अचानक आग लग गई। बस में धुआं उठते ही यात्रियों में अफरातफरी मच गई और पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई।

विज्ञापन

 
जयपुर से अहमदाबाद जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार, यह बस जयपुर से अहमदाबाद की ओर जा रही थी और नाथद्वारा होते हुए उदयपुर पहुंची ही थी कि अचानक उसमें धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस लपटों में घिर गई। बस में करीब 38 यात्री सवार थे, जिनमें लगभग 10 महिलाएं भी शामिल थीं।
 
सूझबूझ से बची यात्रियों की जान
आग लगते ही ड्राइवर और कंडक्टर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया। यात्रियों ने घबराहट के बीच इमरजेंसी खिड़कियों और मुख्य दरवाजे से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कई यात्रियों को एमरजेंसी गेट से कूदना पड़ा। कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह आग की चपेट में आ गई और उसमें रखा यात्रियों का सामान जलकर राख हो गया।
विज्ञापन

 
दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी के अनुसार, समय पर सूचना मिलने से बड़ी जनहानि टल गई। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पढ़ें- कोटा में भरभरा कर गिरा तीन मंजिला मकान: वीडियो में दिखा खौफनाक मंजर, इमारत की मरम्मत के बाद क्यों हुआ हादसा?
 
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हादसे की सूचना पर डीएसपी गोपाल चंदेल और गोवर्धन विलास थानाधिकारी राजेंद्र सिंह चारण पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
विज्ञापन

 
सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर यात्री सुरक्षा और वाहनों की नियमित जांच की आवश्यकता को उजागर किया है। समय रहते यात्रियों और चालक दल की तत्परता के चलते बड़ा हादसा टल गया, लेकिन घटना ने सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।


और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें