राजस्थान के उदयपुर में कन्हैलाल की हत्या को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने गहलोत सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, राज्य में शासन नहीं है, बस राजनीति है, इसलिए यहां के सीएम दिल्ली जाकर राहुल गांधी का बचाव करते हैं।
उन्होंने कहा, यह मामूली घटना नहीं है, यह एक तरह से आतंकवाद है। इसकी जितनी भर्त्सना की जाए, वह कम ही है। सांप्रदायिक उन्माद के पीछे कौन लोग हैं? कौन से संगठन हैं? यह पता लगाया जाना बहुत जरूरी है। इस तरह की चीजें राजस्थान में कभी नहीं हुईं हैं। दो दोषी सामने दिख रहे हैं, सिर्फ वही नहीं उसके पीछे जो भी लोग होंगे, जहां से इसकी शुरुआत हुई होगी, उन्हें भी कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
राजे ने कहा, आरोपी वीडियो में पीएम का नाम ले रहे थे। देश की किसी भी राज्य सरकार का इतना ढीला शासन नहीं होना चाहिए कि वह इस तरह से कह सकें। सीएम गहलोत के पीएम मोदी को देश को संबोधित करने को लेकर दिए गए बयान पर भी राजे ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए दो रास्ते हैं। एक यह कि सरकार सक्रिय हो और दूसरा बहाने बनाया जाए। अपने कंधों पर नहीं लेना है तो पूरी समस्या किसी दूसरे के कंधों पर डाल दीजिए, सीएम अशोक गहलोत भी वही कर रहे हैं।
दर्दनाक तरह से की गई कन्हैयालाल की हत्या
हत्या का मामला शहर के धानमंडी इलाके के भूत महल क्षेत्र का है। यहां रहने वाला कन्हैयालाल दर्जी है और अपनी दुकान चलाता है। मंगलवार को दो मुस्लिम युवक कपड़े का नाप देने के बहाने दर्जी की दुकान पर पहुंचे और उस पर गड़ासे से वार करना शुरू कर दिया। ताबड़तोड़ हमलों ने उसे संभलने का मौका तक नहीं दिया। उसकी गर्दन कट गई और मौके पर ही मौत हो गई। हमले में दुकान पर काम करने वाला उसका साथी ईश्वर सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। शहर के एमबी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।