भरतपुर पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना हत्याकांड मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो और इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इस ताजा कार्रवाई के बाद मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या 19 हो गई है। पकड़े गए दोनों आरोपी भौंडा गांव के ही निवासी हैं। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना ने बताया कि इस प्रकरण में शामिल सभी आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
इनामी बदमाशों को पुलिस ने दबोचा
पुलिस की विशेष टीमों ने शनिवार को अभियान चलाकर 5-5 हजार रुपये के दोनों इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में 35 वर्षीय राधाकिशन उर्फ पप्पी पुत्र शेरसिंह और 34 वर्षीय हेमसिंह पुत्र जलसिंह शामिल हैं। पुलिस की टीम दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों को जुटाने में लगी है। इसके साथ ही इस मामले में नामजद अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
पढे़ं: एआई चैटबॉट को दोस्त समझकर न बताएं निजी बातें, फोटो और पासवर्ड साझा करने से हो सकता है नुकसान
क्रशर विवाद को लेकर हुआ था हमला
यह पूरा मामला 11 अक्तूबर की रात का है। वैर क्षेत्र के भौंडा गांव में क्रशर विवाद को लेकर पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना पर जानलेवा हमला हुआ था। हमले में भड़ाना गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल इलाज के लिए जयपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने करीब 80 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। तभी से पुलिस की कई टीमें आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हैं।