विधायक सचिन पायलट ने टोंक जिले के नवाबपुरा, मेहंदवास, छापरीया और बंबोर सहित कई गांवों का दौरा किया। इस दौरान पायलट ने सरकारी विद्यालयों में करोड़ों रुपये की लागत से नवनिर्मित क्लास रूम का लोकार्पण किया। पायलट ने गांव के लोगों के साथ जनसुनवाई भी की।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने प्रदेश सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा को लेकर पायलट ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि सरकार के मंत्री सरकार की एजेंसी भर्ती को रद्द करने की बात कर रहे हैं। पायलट ने कहा कि विपक्ष में रहकर संघर्ष करने वाले भाजपा नेता किरोड़ीलाल मीणा भी भर्ती रद्द करने की मांग कर चुके हैं। लेकिन इसके बावजूद भी सरकार ने कोर्ट में भर्ती रद्द करने से इनकार कर दिया है।
पायलट ने कहा कि इस पूरे मामले में जांच की जानी चाहिए कि आखिर सरकार पर किसका दबाव है। किसके दबाव में सरकार भर्ती रद्द नहीं कर रही है। पायलट ने जिले खत्म करने और इंग्लिश मीडियम स्कूलों को बंद करने को लेकर किए गए सवाल पर भी सरकार को जमकर घेरा। पायलट ने दिल्ली में होने जा रहे विधानसभा चुनाव सहित अन्य कई मुद्दों पर भी अपनी बात रखी।