दौलतपुरा बांस से पानी के रिसाव को रोकने की कोशिशें जारी
- फोटो : अमर उजाला
टोंक जिले के पीपलू उपखंड क्षेत्र के दौलतपुरा गांव में स्थित बांध में अचानक दीवार में बोर पड़ जाने से पानी का तेज बहाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के किसानों में चिंता की लहर दौड़ गई। बांध की पाल में कई जगहों से पानी रिसने लगा, जिसके चलते ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई।
ग्रामीणों ने शुरू किया बचाव कार्य, प्रशासन मौके पर पहुंचा
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने स्वयं मिट्टी और बड़े पत्थर डालकर पानी के बहाव को रोकने की कोशिश शुरू की। साथ ही जेसीबी मशीन की मदद से रिसाव वाले हिस्से पर मरम्मत कार्य शुरू किया गया। सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम, एसडीएम और सिंचाई विभाग के अभियंता मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।
लगातार प्रयासों से पानी को नियंत्रित करने की कोशिश
प्रशासन और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने पानी की निकासी रोकने और बांध की दीवार को स्थिर करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। फिलहाल बांध का पानी सीमित स्तर पर बह रहा है और किसी भी खेत में पानी भरने की सूचना नहीं है।
यह भी पढ़ें- Jaipur Building Collapse: निर्माणाधीन मकान का बेसमेंट धंसा, एक की मौत; मलबे में दबे कई लोग, बचाव कार्य जारी
मानसून में भर चुके हैं जिले के सभी बांध
सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस मानसून सत्र में टोंक जिले में 1200 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई है, जिसके चलते जिले के 34 छोटे-बड़े बांध पूरी तरह भर चुके हैं। दौलतपुरा बांध में पानी का स्तर भी पिछले कुछ दिनों से अधिकतम सीमा पर था, जिससे यह रिसाव हुआ।
राहत और मरम्मत कार्य जारी
प्रशासन ने एलएनटी मशीन बुलाने का निर्णय लिया है ताकि दीवार की मजबूती बढ़ाई जा सके। मौके पर एसडीएम, सिंचाई विभाग की इंजीनियरिंग टीम और राजस्व विभाग के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल किसी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
यह भी पढ़ें- Anta By-poll 2025: राजस्थान की अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव कल, 268 केंद्रों पर मतदान करेंगे 2.28 लाख मतदाता