भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को टोंक में सात जिला कार्यालयों के उद्घाटन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है और यही कार्यकर्ता पार्टी को शिखर तक लेकर गया है।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौर, राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास सहित कई मंत्री, विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नितिन नवीन ने अपने संबोधन की शुरुआत सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं का अभिनंदन करते हुए की और राजस्थान की वीरभूमि को नमन किया।
राजस्थान को बताया शौर्य और बलिदान की भूमि
नितिन नवीन ने कहा कि राजस्थान शौर्य, बलिदान और स्वाभिमान की भूमि है, जहां के लोगों ने देश के लिए हमेशा सर्वोच्च बलिदान दिया है। उन्होंने प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत और जनभावना का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
पार्टी कार्यालय को बताया विचार और संकल्प का केंद्र
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यालय केवल ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं होता, बल्कि यह विचार और संकल्प का केंद्र होता है। यहीं से कार्यकर्ताओं का निर्माण होता है और संगठन की दिशा तय होती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
दो सांसदों से विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनने तक का सफर
नितिन नवीन ने भाजपा के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय पार्टी के केवल दो सांसद थे, लेकिन आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है और देश के 21 राज्यों में उसकी सरकारें हैं। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय लाखों कार्यकर्ताओं के परिश्रम और बलिदान को दिया।
पढ़ें- राजस्थान: बांसवाड़ा में युवक की हत्या के बाद भड़की हिंसा, 10 से 12 घर जले; गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर किया पथराव
2047 के विकसित भारत लक्ष्य पर जोर
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए संगठन को और मजबूत करें। हर बूथ, हर मंडल और हर शक्ति केंद्र को सशक्त बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राजनीति कोई शॉर्टकट नहीं, बल्कि लंबी दौड़ है, जिसमें निरंतर परिश्रम और समर्पण की आवश्यकता होती है।
पश्चिम बंगाल और राजस्थान के कार्यकर्ताओं का उल्लेख
पश्चिम बंगाल के संदर्भ में उन्होंने कहा कि वहां भी भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष का परिणाम जल्द सामने आएगा और जनता परिवर्तन के लिए तैयार है। साथ ही उन्होंने राजस्थान के कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने अन्य राज्यों में भी जाकर संगठन को मजबूत करने में योगदान दिया है।
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं जैसे किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत और महिला सशक्तिकरण योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। अंत में नितिन नवीन ने सभी कार्यकर्ताओं से सेवा भाव के साथ काम करने और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा “सेवा ही संगठन” के मंत्र के साथ काम करती रही है और आगे भी इसी मार्ग पर आगे बढ़ती रहेगी।