मंदिर प्रशासन पर उठ रहे सवाल
हादसे को लेकर मंदिर प्रशासन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सांसद सुमेधानंद सरस्वती ने भगदड़ के लिए मंदिर कमेटी और प्रशासन को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने कहा कि जब लाखों लोग आते हैं तो क्यों तैयारियों के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। सांसद ने कहा है कि मंदिर में डिप्टी लेवल के अधिकारी की ड्यूटी होनी चाहिए।
सांसद और विधायकों का मानना है कि मंदिर कमेटी के लोगों का सिर्फ वीआईपी कल्चर में ही यकीन है। मंदिर कमेटी सिर्फ वीआईपी के साथ फोटो खिंचवाने के लिए ही बाहर आती है। इसलिए एक बार फिर मंदिर को सरकारी व्यवस्था में देने की बात कही जा रही है।
हम मिन्नतें करते रहे और लोग रौंदते रहे-घायल
मृतकों और घायलों के परिजनों ने बताया कि हम रोते रहे, मिन्नते करते रहें कि रुक जाओ लेकिन किसी ने एक न सुनी। लोग हमें रौंदते हुए आगे बढ़ रहे थे। हम चीखते रहें। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जैसे ही मंदिर खुला सबसे पहले दर्शन करने की होड़ मच गई। कुछ लोग रेलिंग फांदकर जाने की कोशिश कर रहे थे, इसीमें भगदड़ मच गई।
सीएम गहलोत, राजे सहित कई नेताओं ने जताया दुख
खाटू श्याम हादसे को लेकर सीएम गहलोत, वसुंधरा राजे सहित कई नेताओं ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर लिखा कि सीकर में खाटू श्याम जी के मंदिर में भगदड़ होने से तीन दर्शनार्थी महिलाओं की मृत्यु बेहद दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं, ईश्वर उन्हें यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें।
राजे ने की दोषियों पर कार्रवाई की मांग
वसुंधरा राजे ने कहा कि खाटू श्यामजी मंदिर में भगदड़ मचने से तीन महिला श्रद्धालुओं की मृत्यु की घटना बहुत दुःखद है। इसकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। जिससे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो। ईश्वर दिवंगतों की आत्मा को शांति और घायलों को स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
अर्जन राम मेघवाल ने कहा कि राजस्थान के सीकर स्थित खाटू श्यामजी के मेलें में भगदड़ मचने से श्रद्धालुओं की मृत्यु और कई श्रद्धालुओं के घायल होने का हृदय विदारक समाचार मिला है। ईश्वर मृतकों की आत्मा को शांति और शोकाकुल परिवारों को संबल प्रदान करें। घायल श्रद्धालुओं को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
त्रिवेंद्र रावत ने शोक जताते हुए कहा कि खाटू श्यामजी मंदिर परिसर में मची भगदड़ में लोगों की मौत की खबर सुनकर मन अत्यंत दुःखी है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की श्री कृष्ण भगवान से प्रार्थना करता हूं।
संभागीय आयुक्त को सौंपी गई जांच
खाटूश्याम मंदिर में हादसे की जांच संभागीय आयुक्त करेंगे। वहीं सीएम ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को 20-20 हजार रुपये सहायता राशि मुख्यमंत्री सहायता कोष (CMRF) से देने के निर्देश दिए हैं।
एसएचओ सस्पेंड
खाटू श्याम हादसे में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। एकादशी में भारी भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस अमला तैनात नहीं किया गया था। जिसके बाद एसपी कुंवर राष्ट्रदीप ने खाटू एसएचओ रिया चौधरी को सस्पेंड कर दिया है।