वकीलों का धरना छठे दिन भी रहा जारी
- फोटो : अमर उजाला
केकड़ी बार एसोसिएशन के नेतृत्व में जिला बचाओ अभियान के अंतर्गत वकीलों का धरना बुधवार को छठे दिन भी जारी रहा। धरने के दौरान वकीलों ने सरकार के जिला हटाने के फैसले को जनविरोधी व जन अधिकारों का हनन बताते हुए चेतावनी दी।
वरिष्ठ अधिवक्ता प्रहलाद चौधरी ने संबोधित करते हुए सरकार को चेतावनी दी कि यदि केकड़ी जिले का दर्जा वापस नहीं लौटाया गया तो केकड़ी क्षेत्र के लोग आंदोलन को और अधिक उग्र करने पर बाध्य होंगे। वक्ताओं ने राज्य सरकार पर राजनैतिक द्वेषतावश दोहरे मापदंड अपनाते हुए केकड़ी जिला समाप्त करने का आरोप लगाया।
वरिष्ठ अधिवक्ता मगनलाल लोधा ने कहा कि डीग से बड़ा होने के बावजूद केकड़ी जिला समाप्त कर दिया गया। मुख्यमंत्री का क्षेत्र होने के कारण डीग जिले को कायम रखा जाना सरकार के दोहरे मापदंडों का ही परिचायक है। बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने सरकार से मांग की कि केकड़ी के जिले का दर्जा तत्काल बहाल किया जाए।
धरने के दौरान वकीलों द्वारा आंदोलन को आगे तेज करने की रणनीति पर चर्चा की गई। अधिवक्ताओं ने इस अभियान को केकड़ी की गरिमा और विकास से जुड़ा मुद्दा बताया। अधिवक्ताओं ने जनता से भी इस संघर्ष में सहयोग की अपील की।