राजस्थान के राजसमंद जिले के कांकरोली थाने इलाके में दो दिन पहले हनुमान मंदिर में मूर्ति तोड़ने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के संबंध में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि 22 फरवरी को रमेश पिता नानालाल गमेती ने कांकरोली थाने में एक केस दर्ज कराया था। रिपोर्ट में उसने बताया कि कोयड़ गांव के पास ग्वाल मगरी में स्थिति हनुमान मंदिर की मूर्ति को किसी ने पत्थर से तोड़ दिया है। मृर्ति तोड़ने वाले आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया जाए। घटना से अज्ञात हमारी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
घटना की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवलाल बैरवा के निर्देशन में कांकरोली थाना अधिकारी डीपी दादिच के साथ चार टीमें बनाई गईं। टीम ने मंदिर के पुजारी रमेश गमेती के परिवार और मंदिर का इतिहास खंगाला। पुजारी के पिता नानालाल से पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
जांच में सामने आया कि हनुमान मंदिर की जमीन सरकारी है और इसके पास स्थित 3 बीघा जमीन पुजारी रमेश के पिता नानालाल गमेती के नाम है। यदि इस जमीन पर मदिंर बन जाता है नानालाल की जमीन पूरी तरह छुपाव में आ जाती और जमीन की कीमत गिर जाती। इससे नानालाल को नुकसान हो रहा था। 22 फरवरी को नानालाल शराब पी और फिर मंदिर जाकर मूर्ति को तोड़ दिया। इसके अलावा पूर्वजों और गंगामाई के चबूतरे को भी तोड़ दिया। इसके बाद वह सुबह मजदूरी पर चला गया। जुर्म कबूल करने के बाद पुलिस ने नानालाल (60) पिता गोपीलाल भील को गिरफ्तार कर लिया।