राजस्थान के श्रीगंगानगर में भारत-पाक सीमा के पास रेलवे ट्रैक पर हुए बम धमाके के मामले में राजस्थान और पंजाब पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चौथे आरोपी रविंदर सिंह उर्फ रोहित को गुरदासपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पिता पंजाब पुलिस में तैनात हैं। जांच एजेंसियों के मुताबिक, रविंदर पहले गिरफ्तार महकदीप कौर और दविंदर सिंह का पुराना दोस्त है। मामले की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी करेगी।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक बम धमाके के मामले में राजस्थान और पंजाब पुलिस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चौथे आरोपी को पंजाब के गुरदासपुर से गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी रविंदर सिंह उर्फ रोहित पुलिसकर्मी का बेटा है। उसके पिता कुलदीप सिंह थाना दोरांगला में तैनात हैं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी से पूछताछ कर रही हैं और इस पूरे घटनाक्रम में उसकी भूमिका का पता लगाने का प्रयास कर रही हैं।
विज्ञापन
संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता
सुरक्षा एजेंसियों की शुरुआती जांच में सामने आया है कि रविंदर सिंह उर्फ रोहित का संबंध पहले से गिरफ्तार आरोपियों से गहरा रहा है। आरोपी रविंदर सिंह पहले पकड़े गए आरोपी महकदीप कौर और दविंदर सिंह का पुराना दोस्त है। दोनों राज्यों की पुलिस की जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि रविंदर सिंह और पहले गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी एक ही स्कूल में साथ पढ़ते थे। गुरदासपुर क्षेत्र से लगातार हो रही गिरफ्तारियों के बीच रविंदर की गिरफ्तारी को इस मामले में एक अहम सफलता माना जा रहा है। पुलिस उससे नेटवर्क और साजिश के अन्य पहलुओं को लेकर लगातार पूछताछ कर रही है।
स्कूल के साथी रहे आरोपी
राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में 3 नवंबर को भारत-पाक सीमा के पास रेलवे ट्रैक पर जोरदार विस्फोट हुआ था। घटना के बाद तुरंत हरकत में आई जांच एजेंसियों ने स्थिति का जायजा लिया और शुरुआती साक्ष्यों के आधार पर इसे एक आतंकी घटना माना। इस गंभीर मामले में पंजाब के गुरदासपुर से अब तक चार प्रमुख गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। सबसे पहले पुलिस ने महकदीप कौर, दविंदर सिंह और हरदीप सिंह को पकड़ा था। इन तीनों आरोपियों के पकड़े जाने के बाद उनसे मिली जानकारियों के आधार पर ही चौथे आरोपी रविंदर सिंह तक पुलिस की पहुंच संभव हो सकी।
विज्ञापन
राष्ट्रीय जांच एजेंसी करेगी जांच
मामले की संवेदनशीलता और आतंकी कोण को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसकी जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंप दी है। श्रीगंगानगर पुलिस पिछले कुछ दिनों में जुटाए गए सभी साक्ष्यों और दस्तावेज की विस्तृत फाइल तैयार कर रही है। जल्द ही पुलिस पूरी जांच रिपोर्ट एनआईए अधिकारियों को सौंप देगी। इसके साथ ही गुरदासपुर से गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों महकदीप कौर, दविंदर सिंह, हरदीप सिंह और रविंदर सिंह को भी अग्रिम कार्रवाई और गहन पूछताछ के लिए एनआईए के सुपुर्द कर दिया जाएगा।