सीपीआई(एम) नेता और पूर्व सांगड़िया विधायक हेतराम बेनीवाल का निधन
- फोटो : अमर उजाला
सीपीआई(एम) के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांगड़िया विधायक हेतराम बेनीवाल का राजस्थान के श्रीगंगानगर स्थित एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पार्टी नेताओं के अनुसार 92 वर्षीय बेनीवाल ने सोमवार रात अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर फैल गई। वे लंबे समय से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे और प्रदेश की राजनीति में अपनी अलग पहचान रखते थे।
किसान और मजदूर आंदोलनों के रहे मजबूत स्तंभ
हेतराम बेनीवाल राजस्थान में किसान और मजदूर आंदोलनों का प्रमुख चेहरा माने जाते थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में किसानों, श्रमिकों और आमजन के अधिकारों को लेकर निरंतर आवाज उठाई। वे राजस्थान विधानसभा की नौवीं विधानसभा के सदस्य भी रहे। सार्वजनिक जीवन में उनकी सादगी और प्रतिबद्धता को उनके समर्थक और विरोधी दोनों ही सम्मान की दृष्टि से देखते थे। ग्रामीण और श्रमिक वर्ग के मुद्दों को उन्होंने सदन से लेकर सड़कों तक मजबूती से उठाया।
पढ़ें- Banswara News: पीटीआई भर्ती घोटाले में जिले के 6 अभ्यर्थियों सहित 47 के खिलाफ मामला दर्ज, एसओजी ने की कार्रवाई
राजनीतिक नेताओं ने जताया शोक
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तथा सीपीआई(एम) और अन्य दलों के नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। वासुदेव देवनानी ने कहा कि उनका निधन अत्यंत दुखद है। वहीं अशोक गहलोत ने अपने शोक संदेश में कहा कि हेतराम बेनीवाल ने अपना पूरा जीवन किसानों, मजदूरों और आम लोगों के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित किया। गहलोत ने यह भी कहा कि उनकी सादगीपूर्ण और समर्पित व्यक्तित्व सभी को प्रेरित करता रहेगा।