श्रीगंगानगर मुठभेड़ में रोहित शेट्टी के घर फायरिंग करने का आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
श्रीगंगानगर में शुक्रवार शाम साधुवाली चेक पोस्ट पर पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाहरनगर थाने की टीम ने करीब 8 बजे नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर प्लेट बाइक सवार युवक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नाकाबंदी तोड़कर भागने लगा। पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई और आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।
घायल आरोपी की पहचान और गैंग से जुड़े तार
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी की पहचान आकाश (32) पुत्र मुन्नालाल निवासी आगरा (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई है। वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है और गैंगस्टर आरजू बिश्नोई के निर्देश पर काम करता है। आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से गैंगस्टर्स के संपर्क में रहता था और कई राज्यों में आपराधिक वारदातों में शामिल रहा है।
रोहित शेट्टी के घर फायरिंग की सुपारी लेने का आरोप
आईजी ओम प्रकाश ने पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आकाश ने अपने साथी शिवा गुर्जर के साथ मिलकर फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर के बाहर फायरिंग करने की सुपारी ली थी। यह टास्क विदेश में बैठे आरजू बिश्नोई ने उसे सौंपा था और दोनों आरोपी सोशल मीडिया के जरिए उसके संपर्क में थे।
प्रोफेशनल शूटर के रूप में करता था काम
एसपी हरिशंकर ने बताया कि आकाश एक प्रोफेशनल शूटर है, जो रेकी करने के बाद बड़ी वारदातों और कॉन्ट्रैक्ट किलिंग जैसी घटनाओं को अंजाम देता है। वह राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पंजाब सहित कई राज्यों में सक्रिय रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में मामले दर्ज हैं।
पढ़ें- IPS केके-अंशिका की शाही शादी: धोरीमन्ना से जोधपुर तक मनेगा जश्न, अब पिता-पुत्र के डांस ने जीता दिल; तस्वीरें
श्रीगंगानगर में नई वारदात की थी योजना
पुलिस के अनुसार, आकाश श्रीगंगानगर में भी आरजू बिश्नोई के निर्देश पर एक गैंगस्टर और एक बिजनेसमैन को निशाना बनाने आया था। पुलिस को इसकी भनक लगने के बाद साधुवाली चेक पोस्ट पर नाकाबंदी की गई, जहां उसे रोकने की कोशिश के दौरान मुठभेड़ हो गई।
पुलिस टीम की कार्रवाई और जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही एसपी हरिशंकर और आईजी ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस टीम में जवाहरनगर थानाधिकारी देवेंद्र राठौड़, मीरा चौकी प्रभारी नरेश कुमार सहित अन्य कर्मियों ने आरोपी को काबू में किया। आरोपी के पास से एक पिस्टल भी बरामद हुई है। फिलहाल उसका सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।