जिले के सूरतगढ़ इलाके में पूर्व पार्षद के घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट, पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने और बाइक जलाने का मामला सामने आया है। सिटी पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूर्व पार्षद सुरेश बिश्नोई पुत्र राजाराम बिश्रोई, निवासी वार्ड नंबर 8 ने एफआईआर में बताया कि कल रात जब वे घर से बाहर गए हुए थे तब करीब 9 बजे उनकी माता का फोन आया कि 10-15 हमलावर, जिनमें मुख्य आरोपी सलीम भी शामिल था, पिस्तौल लहराते हुए घर में घुस आए हैं।
हमलावरों ने घर में घुसते ही सुरेश की माता और भाई की बहू के साथ मारपीट की। आरोपियों में विजय और बबलू भी शामिल थे, जिनके पास लोहे की रॉड थी, जबकि अन्य हमलावर डंडे और गंडासी लेकर आए थे। उन्होंने घर में गाली-गलौज करते हुए सुरेश को जान से मारने की धमकी दी। हमलावरों ने भाभी के गले से सोने का लॉकेट भी छीन लिया। घटना के समय सुरेश घर से लगभग 100 मीटर दूर था। जैसे ही हमलावरों ने उसे देखा वे उसकी ओर दौड़ पड़े।
सुरेश के साथ मारपीट करने के बाद हमलावरों ने उसकी बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया और उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। शोर सुनकर कृष्ण जालप समेत वार्डवासी मौके पर पहुंचे, जिससे हमलावर फरार हो गए।
सिटी पुलिस ने सुरेश की शिकायत पर मुख्य आरोपी सलीम सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना अधिकारी के अनुसार आरोपियों की पहचान हो चुकी है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।