शालू ने RAS 2024 में हासिल की 8वीं रैंक
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने शनिवार को RAS परीक्षा-2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया। श्रीगंगानगर जिले के दो अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। जिले के ग्रामीण क्षेत्र की शालू कस्वां ने पहले ही प्रयास में 8वीं रैंक प्राप्त की, जबकि सूरतगढ़ क्षेत्र के साहिल जुरासिया ने 93वीं रैंक हासिल की है।
पहले प्रयास में शालू कस्वां की बड़ी सफलता
रायसिंहनगर क्षेत्र के गांव ततारसर (50 एनपी) की निवासी शालू कस्वां कला संकाय से स्नातक हैं। उनके पिता चेतराम कस्वां किसान हैं, जबकि माता कमलेश देवी गृहिणी हैं। परिवार में उनके छोटे भाई पुनीत कस्वां भी पढ़ाई कर रहे हैं। शालू की सफलता के बाद परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।
सेल्फ स्टडी से तय किया सफलता का रास्ता
शालू कस्वां ने बताया कि स्नातक पूरा करने के बाद उन्होंने घर पर रहकर स्वअध्ययन शुरू किया। बिना कोचिंग के अनुशासित दिनचर्या और लगातार मेहनत के बल पर उन्होंने पहले ही प्रयास में यह उपलब्धि हासिल की। परिणाम आने के बाद परिवार ने मिठाई खिलाकर खुशी जताई और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
पढ़ें- RPSC RAS Result 2024: आरएएस परिणाम 2024 में किया टॉप; कौन हैं दिनेश बिश्नोई, कैसी रही इनकी पढ़ाई?
साहिल जुरासिया ने तीसरे प्रयास में पाई सफलता
सूरतगढ़ क्षेत्र के गांव सिद्धूवाला निवासी साहिल जुरासिया ने भी RAS परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनके पिता विनोद कुमार जुरासिया चूनावढ़ पुलिस थाने में एएसआई पद पर तैनात हैं, जबकि माता रविना जुरासिया गृहिणी हैं।
नियमित पढ़ाई से हासिल की 93वीं रैंक
साहिल जुरासिया ने घर पर रहकर प्रतिदिन 10 से 12 घंटे तक नियमित अध्ययन किया। लगातार प्रयासों के बाद उन्होंने तीसरे प्रयास में 93वीं रैंक हासिल की। साधारण परिवार से आने वाले साहिल की सफलता को मेहनत और लगन का परिणाम माना जा रहा है।