अजमेर के पुलिस अधीक्षक को मासिक वसूली करने के चलते भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) द्वारा गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा के सरकारी आवास से बुधवार को जिले के थानों से मासिक वसूली के दो लाख पांच हजार रूपये बरामद किये गये हैं।
राजेश मीणा के साथ ही जिले के थानाधिकारियों से वसूली करने वाला दलाल जोधपुर का रामदेव सिंह भी मौके पर ही मिला। उसके घर से तीन लाख रूपये मिले हैं। रामदेव ने मीणा के लिये थानों से रकम वसूलने की बात भी कबूल की है। एसीबी ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस संबंध में एसीबी आईजी उमेश मिश्र ने बताया कि सचूना मिली थी कि राजेश मीणा थानाधिकारियों से दलाल रामदेव के जरिये वसूली कराते हैं। बुधवार को रकम घर पहुंचाने की सूचना मिली। तब डीआईजी जीएन पुरोहित के नेतृत्व में जयपुर और अजमेर एसीबी टीम ने मीणा के घर चैकिंग की। घर पर मीणा और रामदेव दोनों मिले।
इन दोनों को गिरफ्तार कर सुरक्षा कारणों से रात 1:45 बजे जयपुर एसीबी मुख्यालय लाया गया। यहां देर रात तक पूछताछ की जाती रही। इन दोनों को आज अजमेर विशेष कोर्ट में पेश किया जायेगा। इनके पकड़े जाने के बाद अजमेर के थानाधिकारियों में हलचल मची हुई है।