सिरोही पुलिस ने साढ़े छह माह पहले पालड़ीएम स्थित होटल प्रतीक्षा के बाहर बस में हुई सोने और हीरे की डकैती के मामले में दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपी जितेन्द्रसिंह और चन्द्रवीरसिंह को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया।
पालड़ीएम पुलिस ने साढ़े छह माह पहले हुई सोने और हीरे की डकैती के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर सौंपा गया। पूछताछ के दौरान इस मामले में और जानकारियां जुटाई जा रही हैं। पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में विशेष अभियान चलाया गया।
विज्ञापन
पालड़ीएम पुलिस थाना की टीम ने होटल प्रतीक्षा के बाहर खड़ी बस से यात्री से सोने और हीरे की ज्वेलरी लूटने वाले आरोपी जितेन्द्रसिंह पुत्र मोहनसिंह राजपूत को जयपुर से और चन्द्रवीरसिंह पुत्र नारायणसिंह राजपूत को सलोदरिया गांव से गिरफ्तार किया। इससे पहले इस मामले में लोहारखी थाना, रामदेवरा जिला जैसलमेर निवासी मेहुल भाटी और नेहरू नगर, सिरोही निवासी मुख्य आरोपी प्रवीणसिंह को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, शेष आरोपी शैतानसिंह पुत्र भारतसिंह राजपूत अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
दो जून को हुई थी वारदात
घटना 2 जून 2025 को हुई थी। हिगोंला थाना, पाली जिला निवासी जब्बरसिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि जोधपुर से तीन पार्सल, जिनमें सोने की ज्वेलरी थी, सुमेरपुर से अहमदाबाद जा रही थी। सुमेरपुर से बस रवाना होकर प्रतिक्षा होटल बागसीन पर रात करीब सवा एक बजे रुकी। इसी दौरान बस में बैठे तीन बदमाशों ने पार्सल बैग खींचकर लूट लिया। पीड़ित ने पीछा किया, तो बदमाशों ने हवाई फायर किया और पहले से खड़ी सफेद स्विफ्ट कार में बैठकर फरार हो गए। आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस मामले में और जानकारियां जुटा रही है और शेष फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।