सिरोही जिले में सोमवार देर रात आबूरोड-पालनपुर फोरलेन पर मावल के पास एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब गुजरात के मेहसाणा से एक पिकअप वाहन शादी समारोह के लिए ढोल बजाने उदयपुर जा रहा था और ओवरटेक के प्रयास में ट्रक से उसकी टक्कर हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मावल पुलिस चौकी और रीको थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से आकराभट्टा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चार गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- Rash Driving: जयपुर में नशे में धुत महिला ने कार से 14 साल की आशिमा को कुचला, हुई मौत; पिता और ममेरी बहन घायल
टक्कर में युवक उछलकर टायर के नीचे आया
रीको थानाधिकारी लक्ष्मणसिंह चंपावत ने बताया कि पिकअप में सवार युवक गुजरात के मेहसाणा जिले के मातासुर गांव से थे और शादी में ढोल बजाने के लिए उदयपुर जा रहे थे। मावल के पास पिकअप चालक ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, तभी सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। इस टक्कर में पिकअप सवार विपुल दत्तानी (निवासी मातासुर, कड़ी तालुका) उछलकर नीचे गिर पड़ा और ट्रक के टायर के नीचे आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मची अफरातफरी
दुर्घटना के तुरंत बाद फोरलेन पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने मिलकर घायलों को सड़क से हटाया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। कुछ समय के लिए फोरलेन पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने नियंत्रित किया।
108 एंबुलेंस स्टाफ ने निभाई अहम भूमिका
घटनास्थल पर 108 एंबुलेंस के पायलट फतूभाई, एमटी दशरथ कुमावत, पायलट रवि और एमटी विनोद ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने घायलों का त्वरित उपचार शुरू किया, जिससे कई की स्थिति नियंत्रण में आई।
यह भी पढ़ें- भावना हत्याकांड: बहरोड़ की डॉक्टर का हरियाणा में मिला शव, धारदार हथियार से हमले के बाद जलाया; जानें मामला
सभी घायल एक ही परिवार के, चाचा-भतीजे भी शामिल
पुलिस के अनुसार, पिकअप में सवार सभी युवक आपस में रिश्तेदार हैं और चाचा-भतीजे तथा अन्य पारिवारिक सदस्य थे। ये सभी गुजरात के मेहसाणा जिले के कड़ी तालुका स्थित मातासुर गांव के निवासी हैं।
हालांकि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब एक किलोमीटर की दूरी पर ट्रक को जब्त कर आरोपी चालक नरसाराम (निवासी गिरवर महिखेड़ा) को गिरफ्तार कर लिया। मृतक विपुल दत्तानी के शव को पुलिस ने आबूरोड के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।