‘हरियालो राजस्थान’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जिले का 76वां जिला स्तरीय वन महोत्सव कार्यक्रम पिंडवाड़ा स्थित जेके लक्ष्मी सीमेंट के जेकेपुरम परिसर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने आमजन से ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सांसद लुम्बाराम चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दोनों का लक्ष्य प्रदेश और देश को हरा-भरा बनाना है। उन्होंने कहा कि सिर्फ पौधारोपण ही नहीं, बल्कि उन पौधों का संरक्षण भी उतना ही जरूरी है, क्योंकि एक पेड़ को विकसित होने में वर्षों लगते हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे जीवन में कम से कम एक पेड़ जरूर लगाएं और उसे बड़ा होने तक संरक्षित करें।
पिंडवाड़ा-आबू विधायक समाराम गरासिया ने कहा कि पौधों का जीवन में विशेष महत्व है, और हमें अपने पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री के ‘हरियालो राजस्थान’ संकल्प को सफल बनाने में जनसहभागिता की आवश्यकता बताई। जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान लोगों से भावनात्मक जुड़ाव बनाता है। पौधारोपण के दौरान पेड़ के पास तख्ती पर व्यक्ति की माता का नाम लिखा जाना एक मार्मिक पहल है, जिससे आमजन इस मुहिम से गहराई से जुड़ रहे हैं।
जीवन के खास दिन को बना सकते हैं यादगार
जिले के प्रभारी सचिव अनिल कुमार अग्रवाल ने कहा कि लोग अपने जन्मदिन, शादी की सालगिरह या अन्य खास अवसरों पर पौधा लगाकर उसे स्थायी खुशी में बदल सकते हैं। उन्होंने इस मुहिम को जनआंदोलन का रूप देने की बात कही। जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी ने 'एक पेड़ मां के नाम' को अनुकरणीय पहल बताते हुए लोगों से इस नेक कार्य में भागीदारी की अपील की। इससे पूर्व, डीसीएफ मृदुला सिंह ने 'हरियालो राजस्थान' अभियान की जानकारी देते हुए जिले के पौधारोपण लक्ष्य के बारे में बताया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पर्यावरण फिल्म का आयोजन
पौधारोपण से मिला संरक्षण का संदेश