ट्रैक्टर ट्रॉली से टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त मोटरसाईकिल
- फोटो : अमर उजाला
सिरोही जिले में पाली-अहमदाबाद फोरलेन पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। पालड़ीएम थाना क्षेत्र के अरठवाड़ा कट पर ट्रैक्टर-ट्रॉली और मोटरसाइकिल की टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान और घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान भीलवाड़ा निवासी मदनसिंह रावत (30) पुत्र हिम्मतसिंह रावत के रूप में हुई है। वह पिंडवाड़ा में अपने परिचितों के साथ रहकर काम करता था। शनिवार को वह किसी जरूरी काम से मोटरसाइकिल लेकर पिंडवाड़ा से शिवगंज की ओर जा रहा था। अरठवाड़ा कट के पास पहुंचते ही उसकी मोटरसाइकिल की खाद-बीज लेकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने की कार्रवाई
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। पालड़ीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को निजी वाहन से मोर्चरी में रखवाया। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पढ़ें- BJP विधायक-AEN थप्पड़कांड: हाई लेवल कमेटी करेगी जांच, CM को सौंपी जाएगी रिपोर्ट; क्यों चर्चा में है बिहाणी का बयान?
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
यह हादसा पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस फुटेज की जांच कर रही है, जिससे दुर्घटना के कारणों और फरार चालक की पहचान करने में मदद मिल सके। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण कर हर पहलू से जांच की जा रही है।
आरोपी चालक की तलाश जारी
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।