सिरोही। आबूरोड में शीतला सप्तमी पर बैंडबाजों के साथ शोभायात्रा निकाल ध्वजा चढ़ाई गई।
शीतला सप्तमी महोत्सव के तहत गुरुवार को आबूरोड में पुरानी होलसेल सब्जी मंडी स्थित शीतला माता मंदिर में विभिन्न प्रकार के धार्मिक आयोजन हुए। इसमें सैकड़ों श्रद्धालु सम्मिलित हुए। इसके साथ ही कल शुक्रवार को लोग ठंडा भोजन करेंगे। इसको लेकर घरों में महिलाएं दिनभर विभिन्न प्रकार के पकवान बनाने में व्यस्त रहीं।
आयोजन के तहत शहर में सिंधी कॉलोनी-गुरुनानक कॉलोनी के समीप स्थित शांतिनाथ गेस्ट हाउस से बैंडबाजों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए पुरानी होलसेल सब्जी मंडी स्थित शीतला माता मंदिर परिसर पहुंचकर सम्पन्न हुई। इस दौरान यात्रा में सम्मिलित महिलाएं धार्मिक गीतों पर नाचती गाते चल रही थीं। मंदिर परिसर में एडवोकेट मनीष जैन पुत्र विमल स्वरूप जैन परिवार की ओर से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माताजी को ध्वजा चढ़ाई गई। इसके बाद दोपहर एक बजे माताजी का अभिषेक शृंगार किया गया। शाम 6 से रात 2 बजे तक श्रद्धालु शृंगार दर्शन लाभ कर सकेंगे। इसी क्रम में कुम्हार मोहल्ला स्थित शीतला माता मंदिर में भी श्रद्धालुओं द्वारा शोभायात्रा निकाल मंदिर पर घ्वजा चढाई गई। इस दौरान सैंकडो की संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हुए। आयोजन की व्यवस्था कमलकिशोर मिश्रा, अमित गर्ग, मुकेश मिश्रा, समित गर्ग, विजय गोयल, विमल गोयल, ब्रजमोहन बंसल, रितेश बंसल, शेलेष जैन, दिनेश चौधरी, हिमांशु जैन एवं शेलेष अग्रवाल ने संभाली। इस दौरान आबकारी, मानपुर सहित शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शीतला माता मंदिरों की आकर्षक सजावट की गई।
कल सवेरे पूजा अर्चना के बाद लोग करेंगे ठंडा भोजन
शीतला सप्तमी महोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को बासोड़ा मनाया जाएगा। इसलिए महिलाएं सवेरे जल्दी स्नानादि से निवृत होने के बाद घरों में बनाए गए विभिन्न प्रकार के ठंडे भोजन को मंदिर में जाकर भोग लगाएंगी। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य दिनभर वही ठंडा भोजन करेंगे। गुरुवार को घरों में विभिन्न प्रकार के भोजन बनाने का दौर चलता रहा।