जोधपुर में सेना भर्ती कार्यालय, जोधपुर के तत्वावधान में राजकीय शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय परिसर में दो दिवसीय सेना भर्ती रैली का सफल आयोजन किया गया। रैली में सिरोही, जालौर, अजमेर, बाड़मेर, बालोतरा, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर और फलोदी सहित 10 जिलों से 90 प्रतिशत से अधिक उम्मीदवारों ने भाग लिया। बड़ी संख्या में शामिल हुए युवाओं का उत्साह और देशभक्ति का जोश विशेष रूप से नजर आया।
सेना के जनसंपर्क अधिकारी (रक्षा) लेफ्टिनेंट कर्नल निखिल धवन ने बताया कि प्रतिकूल मौसम स्थितियों के बावजूद युवाओं की भारी उपस्थिति प्रेरणादायक रही। उन्होंने कहा कि सभी उम्मीदवारों का ड्रग टेस्ट किया गया, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कोई प्रतिभागी शारीरिक परीक्षण में प्रदर्शन बढ़ाने के लिए किसी भी प्रकार के अनुचित साधन का उपयोग न करे। रैली स्थल पर दलालों की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए कड़े प्रबंध किए गए।
धवन ने मुख्यालय भर्ती क्षेत्र, जयपुर एवं नागरिक प्रशासन के सहयोग और व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए उम्मीदवारों को सख्त सलाह दी कि वे किसी भी दलाल या बेईमान तत्वों के झांसे में न आएं।
यह भी पढ़ें- अजेय वॉरियर-25: महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में भारत-UK सेना का संयुक्त अभ्यास, दिखे वास्तविक युद्ध जैसे परिदृश्य
रैली 10 से 23 नवम्बर 2025 तक आयोजित की गई, जिसमें अजमेर से लेकर फलोदी तक विभिन्न जिलों के अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। इसके साथ ही, राजस्थान के सभी जिलों के लिए अग्निवीर सामान्य ड्यूटी (महिला सैन्य पुलिस) की भर्ती रैली 24 और 25 नवम्बर को इसी परिसर में आयोजित की गई।
लेफ्टिनेंट कर्नल धवन ने बताया कि जोधपुर रैली के समापन के साथ भर्ती वर्ष 2025-26 के दूसरे चरण की पहली भर्ती प्रक्रिया पूरी हो गई है। अंतिम परिणाम जारी होने के बाद सफल उम्मीदवारों को 1 जुलाई 2026 से शुरू होने वाले प्रशिक्षण के लिए संबंधित रेजिमेंटल केंद्रों पर भेजा जाएगा।