राज्यसभा सांसद नीरज डांगी ने बताया कि आबूरोड से रेवदर मंडार को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है, जो वर्तमान में स्टेट हाईवे-11 के नाम से जाना जाता है। इस सड़क मार्ग में एक किलोमीटर के फासले से ही 2 नदियां झाबुआ एवं गोमती नदी है। इन दोनों नदियों पर पूर्व में मात्र रपट बनी हुई थी, बारिश के दिनों में इन दोनों नादियों मे माउंटआबू के पहाड़ों से तेज बहाव से आने वाले पानी में अमूमन या तो आवागमन बंद हो जाता है या जनहानि भी होती रहती है।
उन्होंने बताया कि रेवदर आबूरोड की मुख्य सड़क पर गोमती एवं झाबुआ नदी पर पुल निर्माण के लिए स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा की जा रही मांग एवं आए दिन होती जनहानि के मद्देनजर किए गए प्रयासों से तत्कालीन माननीय मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य की बजट घोषणा वर्ष 2022-23 में सिरोही जिले में रेवदर विधानसभा क्षेत्र के इस राजमार्ग के झाबुआ नदी एवं गोमती नदी पर हाईलेवल ब्रिज का निर्माण कार्य के लिए 10.66 करोड़ रुपए की घोषणा की गई थी। जिसकी सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा 31 मार्च, 2022 को 10.66 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई थी।
ऐसे बने है ये ओवरब्रिज
सांसद डांगी के अनुसार इस स्वीकृति के तहत सार्वजनिक निर्माण विभाग, खण्ड-आबूरोड़ द्वारा क्रमशः (1) गोमती नदी पर 11 स्पान 20 मीटर पुल निर्माण एवं (2) झाबुआ नदी पर 6 स्पान 20 मीटर का पुल निर्माण किया गया है। सांसद डांगी ने बताया कि वर्ष 2023 में आए बिपरजॉय तूफान, अतिवृष्टि के कारण अत्यधिक जल भराव एवं नदी के लगातार बहाव होने से कार्य परिस्थितियां अनुकूल न होने और गोमती नदी पर हैण्ड पंप एवं विद्युत लाइन की शिफ्टिंग में देरी के कारण कार्य प्रभावित हुआ है, लेकिन यथास्थिति उक्त दोनों नदियों पर पुल निर्माण का कार्य 31 दिसंबर, 2024 से पहले ही पूर्ण कर लिया गया और नववर्ष-2025 में रेवदर विधानसभा क्षेत्रवासियों को बरसों से चली आ रही समस्या से निजात के साथ ही नए ओवरब्रिज का तोहफा मिला।