मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुजरात के शक्तिपीठ अंबाजीधाम में पूजा-अर्चना की
- फोटो : अमर उजाला
सिरोही जिले के दो दिवसीय दौरे पर आबूराज आए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दूसरे दिन रविवार दोपहर को समीपवर्ती गुजरात के अंबाजी धाम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश एवं प्रदेश की खुशहाली, सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। शक्तिपीठ प्रबंधन की ओर से मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए मां अम्बे की प्रतिमा भेंट की गई। इस अवसर पर ओटाराम देवासी एवं मदन राठौड़ मौजूद रहे।
आबूराज से सड़क मार्ग से पहुंचे अंबाजी धाम
इससे पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आबूराज से सड़क मार्ग के जरिए अंबाजी धाम पहुंचे थे। यहां पूजा-अर्चना करने के बाद वे वापस मानपुर स्थित हवाई पट्टी पहुंचे और वहां से हवाई जहाज द्वारा डबोक एयरपोर्ट, उदयपुर के लिए रवाना हो गए।
जनप्रतिनिधियों ने सौंपे ज्ञापन
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कई जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान और विभिन्न विकास कार्यों की मांग रखी। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन की ओर से विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई। मानपुर हवाई पट्टी मार्ग से तलेटी तिराहा तक सड़क को जोड़ने वाली गलियों में शनिवार रात से ही लकड़ियों की बल्लियां लगाकर बैरिकेडिंग कर दी गई थी।
यह भी पढ़ें:
करण कुमावत पर हमले के दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश में एक का टूटा पैर
आम लोगों की आवाजाही पर लगाई रोक
रविवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे के आसपास वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह रोक दिया गया। एहतियात के तौर पर कार्यक्रम स्थल और हवाई पट्टी पर केवल अधिकृत पहचान पत्र धारकों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई। मुख्यमंत्री के अंबाजी धाम दौरे के दौरान श्रद्धा और सुरक्षा दोनों का विशेष समन्वय देखने को मिला। प्रशासन ने वीआईपी मूवमेंट को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं, वहीं स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उत्साह भी नजर आया।