सिरोही। शिवगंज में 1 हफ्ते पूर्व हुई चेन स्नैचिंग की वारदात का पर्दाफाश कर 1 नाबालिक निरुद्ध कर
जिले की शिवगंज पुलिस ने 1 हफ्ते पूर्व हुई चेन स्नेचिंग की वारदात का पर्दाफाश करते हुए 1 नाबालिग निरुद्ध कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शिवगंज थानाधिकारी बाबूलाल एवं जिला स्पेशल टीम प्रभारी अमराराम की अगुवाई में टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई में कुमार बावरी एवं चन्दर बावरी नाम के दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही विधि से संघर्षरत किशोर को पुलिस संरक्षण में लेकर घटना में लूटी गई सोने की चेन एवं मोटर साइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार 19 सितंबर को एक महिला के साथ हुई चेन स्नेचिंग की वारदात का पर्दाफाश करने के लिए घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें एक मोटर साइकिल पर ये 3 लोग आदर्श नगर में एक महिला के गले में पहनी हुई सोने की चेन तोड़ते हुए नजर आए। इसके बाद आरोपियों के मोटर साइकिल के आधार पर लिंक से लिंक जोड़कर आरोपियों द्वारा उपयोग में लिए जाने वाले रास्तों और शिवगंज, बादला, जवाई बांध, सुमेरपुर व फालना में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालकर आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें हिरासत में लिया गया।