सिरोही जिले के रोहिड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत वीर बावसी मंदिर के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार कमांडर जीप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में जीप में सवार 7 लोग घायल हो गए। वहीं, पुलिस ने एक वर्ष से फरार चल रहे डोडा पोस्त तस्करी के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को रोहिड़ा से सरूपगंज की ओर जा रही कमांडर जीप वीर बावसी मंदिर के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना के समय जीप में कुल 10 लोग सवार थे।
ये भी पढ़ें- विवादित बयान: अजमेर के इस कॉलेज के प्रिंसिपल ने पाकिस्तान को बताया बड़ा भाई, इन नेताओं को लेकर भी की टिप्पणी
एक साल से फरार डोडा पोस्त तस्कर गिरफ्तार
वहीं, सरूपगंज थाना पुलिस ने एक वर्ष से फरार चल रहे डोडा पोस्त तस्करी के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रभुराम पुत्र बगताराम जाट, निवासी रामसर का कुआं, रावतसर, थाना बाड़मेर सदर, जिला बाड़मेर के रूप में हुई है।
गौरतलब है कि 12 जनवरी 2025 को पिंडवाड़ा थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक आई-20 कार को रोकने का प्रयास किया था, लेकिन चालक वाहन भगाकर ले गया। पीछा करने पर पुलिस ने 42.09 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया था। उस दौरान एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया था, जबकि दो आरोपी फरार हो गए थे। तभी से उनकी तलाश की जा रही थी।