सिरोही जिला मुख्यालय स्थित जिला रोजगार कार्यालय परिसर में मंगलवार को रोजगार सहायता शिविर का आयोजन हुआ। इसमें 7 कंपनियों द्वारा 138 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक स्तर पर चयन किया गया। रोजगार मेले में जिलेभर से 250 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार बेरोजगार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, कौशल प्रशिक्षण एवं शिक्षुता के बेहतर अवसरों का सीधा लाभ प्रदान करने के लिए मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित शिविर के प्रारंभ में जिला रोजगार अधिकारी राजू सिंह चैहान द्वारा आशार्थियों को घर का मोह छोड़कर रोजगार के बेहतर अवसरों का लाभ उठाने एवं अपनी योग्यता एवं क्षमताओं का भरपूर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने बताया कि इस शिविर में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन 250 अभ्यर्थियों ने पंजीयन करवाकर भाग लिया। इस मेले में 7 कम्पनियों ने 138 अभ्यर्थियों को प्रारम्भिक चयन किया। यंग प्रोफेशनल राहुल पारीक ने श्रम एवं रोजगार मंत्रालय भारत सरकार के नेशनल कॅरियर सर्विस प्रोजेक्ट के तहत बेरोजगार युवाओं के पंजीयन पोर्टल पर कर युवाओं को माॅडल कॅरियर सेन्टर की गतिविधियों का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया एवं प्रवीण कुमार जिला कौशल समन्वयक आरएसएलडीसी सिरोही द्वारा स्किल कोर्सेस की जानकारी प्रदान की गई। शिविर में राजेन्द्र सिंह देवड़ा, भरत कुमार, जगदीश कुमार, योगेन्द्र सिंह, चन्दुलाल का सहयोग रहा। शिविर को लेकर बेरोजगार युवाओं में भी खासा उत्साह नजर आया। शिविर शुरू होने से पहले ही काफी संख्या में बेरोजगार युवा यहां पहुंच गए थे तथा वे अपनी जिज्ञासाओं को शांत करने के लिए विभिन्न प्रकार के सवाल जवाब के साथ जानकारियां जुटा रहे थे। इस दौरान संबंधित अधिकारी भी उनका मार्गदर्शन कर रहे थे।