आबूरोड में बनास नदी पर कार्रवाई करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
आबूरोड शहर से गुजर रही बनास नदी में अमरापुरी श्मशान घाट में बीती रात नहाने गए दो सगे भाइयों समेत तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। बच्चे घर से क्रिकेट खेलने गए थे। देर शाम तक जब वे घर नहीं लौटे तो परिजन ने आसपास के क्षेत्र में उनकी तलाश की। इस दौरान नदी के समीप उनके कपड़े और बैट पड़ा हुआ नजर आया। घटना की सूचना मिलने पर शहर पुलिस थानाधिकारी हरचंद देवासी अपने सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तथा गोताखोरों को बुलवाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करवाया। काफी मशक्कत के बाद एक-एक कर तीनों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
ये भी पढ़ें- पानी की समस्या पर वसुंधरा की नाराजगी का असर, केंद्र सरकार ने राजस्थान सरकार को किया तलब; जानें
पुलिस के अनुसार मानपुर हवाई पट्टी के पास, आबूरोड जिला निवासी चंदू (14) पुत्र राजूराम, गलाराम (12) पुत्र भानाराम एवं कालू (10) पुत्र भानाराम बुधवार शाम को घर पर क्रिकेट खेलने का बोलकर निकले थे। जब देर शाम तक वे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। वे बच्चों को ढूंढते ढूंढते अमरापूरी शमशान घाट के समीप से गुजर रही बनास नदी के समीप पहुंचे तो वहां पर बच्चों के कपड़े एवं बेट पड़ा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। रात करीब साढ़े नौ बजे गोताखोरों को बुलवाकर नदी में बच्चों की तलाश शुरू करवाई गई। एक साथ तीन बच्चों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए गए।
ये भी पढ़ें- 'मुस्लिम समाज के दबे-कुचले और शोषित वर्ग के लिए न्याय का मार्ग', वक्फ कानून पर बोले MLA बाबा बालकनाथ
नदी में गड्ढे में फंसे थे बच्चों के शव
करीब एक घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन में एक एक बार तीनों बच्चों के शव बाहर निकाला गया। ये तीनों शव नदी में गड्ढे में फंसे थे। इसके बाद इन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया है। शवों को नदी से बाहर निकालने मे नगरपालिका पार्षद अमर सिंह, किशन, पप्पू राणा एवं चेतन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।