पुलिस ने पोसालिया में एक हफ्ते पूर्व हुई हत्या के मामले में वांछित फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिन में गुफाओं में तथा रात में फसलों में छिपकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहे थे। पालड़ीएम थानाधिकारी फगलूराम की अगुवाई में टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान कडेच, थाना सायरा, जिला उदयपुर निवासी ताराराम उर्फ तारूराम पुत्र लसमाराम डामोर गरासिया एवं सोमाराम पुत्र लसमाराम डामोर गरासिया को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपियों की ओर से गत 13 मार्च 2025 को होली के दिन पोसालिया में नहर के पास पीपला, पुलिस थाना बकरिया जिला उदयपुर निवासी सवाराम पुत्र खीमाराम गमेती की हत्याकर आरोपी फरार हो गए थे। इस मामले में पीपली खेड़ा, पुलिस थाना बेकरिया, जिला उदयपुर, हाल पोसालिया निवासी सोहनराम पुत्र भूराराम गमेती ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
पुलिस से बचने के लिए लगातार बदल रहे थे छिपने की जगह
पुलिस के अनुसार घटना के बाद पुलिस टीम द्वारा तकनीकी पहलुओं के आधार पर निरंतर आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई थी। उस दौरान जानकारी मिली कि आरोपियों के पिता लसमाराम गांव सेणा में कुएं पर काश्तकारी करता है, जहां पर आरोपी रात में फसलों के बीच में जाकर सोते हैं तथा दिन में गांव के पास बड़ी पहाड़ी में गुफाओं में जाकर छिप जाते थे। इस पर गांव सेणा में ग्रामीणों की सहायता से पहाड़ी को घेरा लगाकर दस्तयाबी के प्रयास किए गए। मगर आरोपी पहाड़ी के आस-पास के खेतों में भाग गए तथा खेतों में खड़ी फसलों में छिप गए। इसके बाद आरोपियों का निरंतर पीछा कर गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां पूछताछ कर ओर जानकारियां जुटाई जा रही है। आरोपियों की सूचना पर आरोपी ताराराम के रेला गांव भाटून्द में काश्तशुदा खेत में बने छपरे में से हत्या करने में काम में लिया गया चाकू व अन्य सामान को जब्त कर लिया गया है।