कृषि विभाग द्वारा आबूरोड के रीको औद्योगिक क्षेत्र में कार्रवाई की गई
जिले में नकली उर्वरकों के खिलाफ की गई पहली कार्रवाई में कृषि विभाग ने आबूरोड के रीको औद्योगिक क्षेत्र, मावल स्थित एक इकाई पर छापा मारकर 1511 बैग संदिग्ध डीएपी और 500 पैकेट सफेद पाउडर जब्त किए हैं। बर्ड एग्रो नामक इस फर्म के पास वैध लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर और क्रय-विक्रय से जुड़े दस्तावेज भी नहीं पाए गए।
ऑपरेशन डीकोय के तहत की गई इस कार्रवाई के दौरान विभाग को खाद के बैग बड़ी मात्रा में बिना वैधानिक अनुमति के स्टोर किए हुए मिले। जांच के बाद इन सभी बैग्स और पाउडर के सैंपल प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजे गए हैं।
ये भी पढ़ें: Baran: जनसुनवाई के दौरान छात्रा के सवाल पर कान पकड़कर बोले शिक्षा मंत्री- हिंदी में पूछो, नहीं आती अंग्रेजी
कार्रवाई में कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक शंकरलाल मीणा के नेतृत्व में उपनिदेशक ओमप्रकाश बैरवा, सहायक निदेशक डॉ. पन्नालाल चौधरी, पवन कुमार बरडिया, पौध संरक्षण अधिकारी विक्रमसिंह मीणा और सहायक कृषि अधिकारी संदीप मीणा शामिल रहे।
संयुक्त निदेशक ने किसानों से अपील की है कि वे केवल लाइसेंसधारी आदान विक्रेताओं से ही बीज, उर्वरक और कीटनाशक खरीदें और हर बार पक्का बिल जरूर लें। जिले में इस तरह की अनियमितताओं की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके प्रभारी डॉ. पन्नालाल चौधरी हैं, जिनसे मोबाइल नंबर 86191-51163 पर संपर्क किया जा सकता है। किसानों से आग्रह किया गया है कि किसी भी तरह की शिकायत या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
कृषि विभाग द्वारा आबूरोड के रीको औद्योगिक क्षेत्र में कार्रवाई की गई