सिरोही जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी की अगुवाई में गठित पांच संयुक्त दलों ने जिले में अवैध खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बीते तीन दिनों में विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर 1 जेसीबी, 2 डंपर, 9 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 1 टिपर जब्त किए गए हैं। इस दौरान 5.57 लाख रुपये का जुर्माना वसूलकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर और एसपी कर रहे निगरानी
अभियान की प्रभावी निगरानी जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी और पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान द्वारा की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर पूर्ण अंकुश लगाना है, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
अरावली संरक्षण को लेकर विशेष अभियान
खनन विभाग के अभियंता ने बताया कि अरावली पर्वतमाला दुनिया की सबसे पुरानी भूगर्भीय संरचनाओं में से एक है, जो गुजरात, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली तक फैली हुई है। इसकी पारिस्थितिकीय भूमिका, मरुस्थलीकरण रोकने की क्षमता, जैव विविधता और जल पुनर्भरण के महत्व को देखते हुए इसके संरक्षण के लिए अवैध खनन पर रोक अत्यंत आवश्यक है। इसी क्रम में राज्य सरकार के आदेशानुसार 15 जनवरी 2026 तक संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है।
पांच विभागों की संयुक्त टीमें मैदान में
इस अभियान में खान, वन एवं पर्यावरण, राजस्व, पुलिस और परिवहन विभाग को शामिल किया गया है। जिले में पांच दल गठित कर उपखंड अधिकारियों को दल प्रभारी बनाया गया है, जिन्हें अभियान के दौरान प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- Rajasthan: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे पकड़े, 91 लाख की रंगदारी बरामद; जोधपुर से पंजाब तक नेटवर्क बेनकाब
तीन दिनों में हुई ठोस कार्रवाई
खनन अभियंता के अनुसार 29 दिसंबर 2025 से लगातार चेकिंग की जा रही है। सिरोही तहसील में एक प्रकरण में 1 जेसीबी मशीन, 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 1 टिपर जब्त किया गया। आबूरोड तहसील में 2 ट्रैक्टर, पिंडवाड़ा क्षेत्र में 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली और शिवगंज में 2 प्रकरणों में 1 ट्रेलर व 1 ट्रैक्टर-ट्रॉली को खनिज का अवैध निर्गमन करते पकड़ा गया। कुल 14 प्रकरण दर्ज कर वाहनों को जब्त किया गया और 5.57 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
उपखंड स्तरीय दलों और एसआईटी टीम द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में आकस्मिक चेकिंग की जा रही है। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध खनन और परिवहन करने वालों में भय का माहौल बन गया है।