सिरोही में अगले शनिवार को होने वाले विधानसभा चुनाव में आमजन को बढ़-चढ़कर मतदान करने को प्रेरित करने के लिए सरकारी स्तर पर पूरी ताकत झोंक दी गई है। इसी क्रम में मतदाता जागरुकता अभियान सतरंगी सप्ताह के तहत निर्वाचन विभाग के तत्वावधान में आबूरोड पंचायत समिति के कर्मचारियों द्वारा निर्धारित थीम अनुसार मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया।
विकास अधिकारी नवलाराम द्वारा वोट मेराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली को रवाना करने से पूर्व समस्त कार्मिको को मतदाता शपथ दिलवाई गई। वोट मैराथन रैली पंचायत समिति से केशरगंज, कॉलेज होते हुए सांतपुर एवं हीरापुरा तक निकाली गई। इस दौरान लोगों को आगामी 25 नवम्बर को मतदान अवश्य करने के प्रेरित किया गया। इसके साथ ही मतदान के समय के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।
मैराथन दौड़ के आगे-आगे मतदाता जागरुकता गीत के माध्यम से भी मतदान का संदेश भी दिया गया। रैली में स्वीप लिंक प्रभारी विरेंद्र त्रिवेदी, ग्राम विकास अधिकारी भैकाराम, अशोक सिंह, प्रभुराम माली, दर्गेश कुमार, सुधीर परमार, ऋषि सैनी एवं रधुनाथ सिंह मौजूद रहे।