भीषण टक्कर से हुई तीनों की मौत
- फोटो : Amar Ujala
चूरू जिले के छापर थाना क्षेत्र में सुजानगढ़-छापर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है। हादसा इतना भीषण था कि सामने से ट्रक की टक्कर में दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि, तीसरे की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस चालक की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार छापर निवासी भागीरथ उम्र 27, सांवरमल उम्र 23 साल, बीरबल मेघवाल उम्र 24 साल और ईश्वर छापर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। ईश्वर की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। उसे इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही बीदासर डीएसपी नेमीचंद और छापर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। थानाधिकारी इंद्रलाल महर्षि ने बताया कि ट्रक में एफसीआई का गेहूं भरा हुआ था। पुलिस ने शवों को शवागृह में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।