सीकर के दादिया थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना सीकर से उदयपुरवाटी मार्ग पर अमरनाथ आश्रम के पास, भेरुजी स्टैंड के नजदीक हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो और बाइक दोनों में आग लग गई और कुछ ही समय में दोनों वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गए।
टक्कर के बाद भड़की आग, मौके पर ही मौत
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार रामचंद्र गोस्वामी (39) और मुकेश गोस्वामी (30) अपने गांव से सीकर की ओर आ रहे थे, जबकि बोलेरो विपरीत दिशा से आ रही थी। टक्कर के बाद बाइक बोलेरो के नीचे फंस गई, जिससे आग भड़क उठी। दोनों युवक सड़क किनारे गिर गए थे, लेकिन हादसे की गंभीरता के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पढ़ें- GGTU बांसवाड़ा: राज्यपाल के साथ अधिकारी कुर्सी पर, भाजपा विधायक को खड़े रहना पड़ा; नाराज आदिवासी नेता क्या बोले?
हादसे के बाद सड़क पर लगा लंबा जाम
घटना के बाद मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद यातायात सुचारु करवाया। आग लगने के कारण दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दोनों मृतक पुरोहित का बास, लक्खीपुरा के निवासी थे और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। मुकेश गोस्वामी की चार बेटियां हैं और उनकी पत्नी गर्भवती है, जिसकी डिलीवरी जल्द होने वाली है। वहीं रामचंद्र गोस्वामी के तीन बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि परिवार में दो महीने बाद शादी भी तय थी, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर फैल गई। एक ही परिवार के दो भाइयों की असमय मौत से परिजन और ग्रामीण गहरे सदमे में हैं।