विज्ञान संकाय में छात्रा दिव्या भादू अव्वल
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान में कक्षा 12वीं विज्ञान वर्ग के परिणाम घोषित किए गए, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पांच विद्यार्थियों ने 500 में से 499 अंक प्राप्त कर राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया। इनमें सीकर जिले के लोसल स्थित शेखावाटी स्कूल की छात्रा दिव्या भादू भी शामिल हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल की।
बाड़मेर की रहने वाली हैं दिव्या
दिव्या भादू मूल रूप से बाड़मेर जिले की धनाऊ तहसील के गांव कृष्ण का तला की निवासी हैं। उनके पिता सूजाराम सहायक ग्राम सेवक के पद पर कार्यरत हैं। साधारण परिवार से आने के बावजूद दिव्या ने अपनी पढ़ाई के प्रति अनुशासन और समर्पण बनाए रखा, जो उनकी सफलता में अहम रहा।
हॉस्टल में रहकर की पढ़ाई, लगातार बनाए रखा फोकस
पिछले दो वर्षों से दिव्या स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थीं। उन्होंने इस दौरान अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित रखा और किसी भी प्रकार की बाधा को अपने लक्ष्य के बीच नहीं आने दिया। यह निरंतरता उनकी सफलता की मजबूत नींव बनी।
पढ़ें- RBSE Result 2026: विज्ञान वर्ग का शानदार प्रदर्शन, 97.52% रहा परिणाम; छात्राओं ने फिर मारी बाजी
नियमित पढ़ाई के साथ अतिरिक्त मेहनत ने दिलाई सफलता
दिव्या के अनुसार, स्कूल की पढ़ाई के अलावा वह रोजाना 4 से 5 घंटे अतिरिक्त अध्ययन करती थीं। छुट्टियों में घर जाने पर भी उन्होंने अपनी पढ़ाई का क्रम नहीं टूटने दिया। उनकी इसी लगातार मेहनत और आत्मविश्वास ने उन्हें राज्य स्तर पर शीर्ष स्थान तक पहुंचाया।
IAS बनने का है सपना
दिव्या अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और अपनी कड़ी मेहनत को देती हैं। उनका लक्ष्य भविष्य में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में जाकर देश की सेवा करना है। उनकी इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।