सीकर में उद्योग नगर थाना पुलिस ने किराए के फ्लैट में रहकर एमडी बेचने और गाड़ियां दिलवाने का काम करने के आरोप में 22 वर्षीय रोहित कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने परिजनों से चार साल से जोधपुर में एमबीबीएस की पढ़ाई करने का दावा कर रहा था, जबकि वह सीकर में रहकर अवैध गतिविधियों में शामिल था।
उद्योग नगर थाना पुलिस ने किराए के फ्लैट में रहकर मादक पदार्थ एमडी बेचने और गाड़ियां दिलवाने का काम करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। कासरडा, जाजोद निवासी 22 वर्षीय आरोपी रोहित कुमार अपने परिजनों से झूठ बोलकर चार साल से जोधपुर में एमबीबीएस की पढ़ाई करने का दावा कर रहा था। उद्योग नगर थाना अधिकारी राजेश कुमार बुडानिया ने बताया कि आरोपी के पिता भारतीय सेना में तैनात हैं। आरोपी पढ़ाई के नाम पर घर से समय-समय पर खर्च मंगवाता था और एमडी की आपूर्ति कर अपना गुजारा चला रहा था।
विज्ञापन
हिस्ट्रीशीटर की गिरफ्तारी से खुलासा
मामले का पर्दाफाश 15 सितंबर को हुआ, जब पुलिस टीम ने दासा की ढाणी फाटक के पास से थाने के हिस्ट्रीशीटर विजय उर्फ छोटू को पकड़ा। ईश्वर सिंह जाखड़ के 36 वर्षीय पुत्र विजय के खिलाफ पूर्व में 16 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके पास से 25 ग्राम एमडी बरामद की। पूछताछ में विजय ने बताया कि उसने सीकर के एक फ्लैट में रहने वाले रोहित से एमडी खरीदी थी और इसे आगे बेचने की फिराक में था।
ठिकाने पर दबिश देकर धर दबोचा
विजय के खुलासे के बाद पुलिस लगातार आरोपी रोहित की तलाश कर रही थी। इसी बीच उद्योग नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी सीकर शहर के एक किराए के फ्लैट में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत दबिश देकर आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में कांस्टेबल देवीलाल की विशेष भूमिका रही। पूछताछ में सामने आया कि चार साल पहले आरोपी ने परिजनों को एमबीबीएस में चयन होने की बात कही थी, लेकिन वह जोधपुर जाने के बजाय सीकर में रहकर अवैध गतिविधियां चला रहा था।